क्या है मामला?
डुरंड कप 2022 का खिताब जीतने वाली टीम बेंगलुरू के कप्तान सुनील छेत्री को स्टेज पर बुलाकर ट्रॉफी दी जा रही थी। इस दौरान पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ला गणेशन भी स्टेज में मौजूद थे और खिलाड़ियों को ट्रॉफी दे रहे थे। ट्रॉफी लेते समय सुनील छेत्री ला गणेशन के सामने आ गए। इसके बाद गणेशन ने सुनील छेत्री के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें अपने सामने से हटा दिया। ऐसे में सुनील छेत्री ने एक हाथ से ट्रॉफी ली।
सुनील से पहले शिव शक्ति को भी किनारे हटाया
फाइनल मैच में बेंगलुरू के लिए शिव शक्ति ने शानदार गोल किया था। उन्होंने मैच के 10वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई थी। इसके बाद 61वें मिनट में ब्राजील के एलन कोस्टा ने टीम के लिए दूसरा गोल किया। यही गोल निर्णायक साबित हुआ और बेंगलुरु की टीम चैंपियन बन गई। शिव शक्ति को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन जब वह अपना पुरस्कार लेने पहुंचे तो उन्हें भी किनारे हटाया गया। अवॉर्ड लेते समय शिव शक्ति को भी धक्का देकर किनारे कर दिया गया और उन्होंने भी एक हाथ से ही अपना अवॉर्ड लिया।
खिलाड़ियों के अपमान का वीडियो सामने आने के बाद राज्यपाल को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। कई यूजर्स ने लिखा कि डुरंड कप जीतने पर राज्यपाल को बधाई। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि इस मामले पर राज्यपाल को माफी मांगनी चाहिए।