इंग्लैंड के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी वाएने रूनी को मैनचेस्टर यूनाइटेड का नया कप्तान बनाया गया है।
फुटबॉल टीम के नए कोच लुइस वान गॉल ने रूनी को मैनचेस्टर यूनाइटेड का अगला कप्तान नियुक्त किया है, जबकि स्कॉटलैंड के मिडफील्डर डेरेन फ्लेचर को उनका सहायक यानी उपकप्तान बनाया गया है।
रूनी को सर्बिया के नेमांजा विदिक की जगह कप्तान नियुक्त किया गया है जिन्होंने पिछले सत्र के बाद इंटर मिलान से करार कर लिया था। स्टीवन गीरार्ड के संन्यास लेने के बाद रूनी इंग्लैंड की अंतरराष्ट्रीय टीम की भी कप्तानी संभालेंगे।
कप्तान बनाए जाने पर अपनी खुशी जताते हुए रूनी ने अपने क्लब की आधिकारिक वेबसाइट से कहा, "इस महान क्लब के लिए कप्तान बनना मेरे लिए और मेरे परिवार के लिए बड़े सम्मान की बात है।" इस टीम ने मंगलवार को ओल्ड ट्रैफर्ड में सत्र से पहले एक मैत्री मैच में वेलेंसिया को 2-1 से हराया था।
रूनी ने आगे कहा, "मैं बेहद गर्व के साथ अपने नए भूमिका का निर्वहन करूंगा। हमारे ड्रेसिंग रूम में टीम भावना हमेशा से रही है और मैं अपने कोच के लिए बहुत शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझ पर इतना विश्वास जताया।"
नीदरलैंड्स के पूर्व कोच वान गॉल ने पिछले महीने ही मैनचेस्ट यूनाइटेड के मैनेजर का काम शुरू किया है।
28 साल के वाएने रूनी 10 साल पहले एवर्टन से मैनचेस्टर यूनाइटेड से जुड़े थे, जबकि 30 वर्षीय फ्लेचर ने अपने करियर की शुरुआत ही यहीं से की थी।