भारत में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर एक बार फिर से रविवार को सोशल मीडिया पर चर्चा हुई। इस बार इससे जुड़े एक वीडियो विज्ञापन को लेकर कई हस्तियों ने ट्वीट किए और किसान आंदोलन के समर्थन में पोस्ट डाले।
दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक अमेरिका की नेशनल फुटबॉल लीग 'सुपर बाउल 2021' में किसान आंदोलन से जुड़ा एक वीडियो चलाया गया। सोमवार की सुबह कई वेरीफाईड ट्विटर अकाउंट से यह दावा किया गया कि किसान आंदोलन से जुड़ा वीडियो सुपर बाउल के दौरान ऑन एयर हुआ।
बता दें कि सुपर बाउल अमेरिका में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली खेल टूर्नामेंटों में से एक है और इस आयोजन के दौरान किसी एक विज्ञापन के प्रसारण की कीमत 36 से 44 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। 30 सेकंड के इस वीडियो विज्ञापन में मार्टिन लूथर किंग जूनियर के एक कहावत के साथ शुरू हुआ और फिर इसमें देश में चल रहे किसान आंदोलन से जुड़ी तस्वीरें दिखाते हुए इसे इतिहास का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन करार दिया गया।
वैसे यह विज्ञापन सुपर बाउल के दौरान प्रसारित नहीं हुआ था। इसे वैली सिख कम्युनिटी ने सुपर बाउल से पहले विज्ञापन के रूप में स्थानीय चैनलों में भारत के किसानों के विरोध के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रसारित किया गया था। इसे सुपर बाउल के दौरान प्रसारित नहीं होने के बावजूद गायक जैजी बी समेत कई ट्विटर अकाउंट पर इसे ऑन एयर बताकर प्रचारित किया गया।