रोनाल्डो ने बाइसाइकिल किक से गोल किया
- फोटो : Twitter
स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोल के दम पर पुर्तगाल ने शुक्रवार को पोलैंड को 5-1 से हराकर नेशंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। रोनाल्डो ने पोर्टो में खेले गए मैच में शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने (72वें मिनट) पेनल्टी किक पर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 134वां गोल किया और फिर कुछ देर बाद (87वें मिनट) ओवरहेड पास पर बाइसाइकिल किक से गोल करके पुर्तगाल की तरफ से अपने कुल गोल की संख्या 135 पर पहुंचा दी। रोनाल्डो ने इसके बाद अपने चिर परिचित अंदाज में जश्न मनाया। रोनाल्डो के अलावा राफा लियाओ, ब्रूनो फर्नांडीस और पेड्रो नेटो ने गोल दागे। पोलैंड ने एकमात्र गोल 88वें मिनट में किया। पोलैंड की इस हार से क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं।