वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। फुटबॉलर हेक्टर बेलो की पत्नी की इमारत गिरने के दौरान मौत हो गई, लेकिन उन्होंने अपनी एक साल की बेटी को बचाने के लिए आखिरी पल तक उसकी सुरक्षा की।
मलबे से बच्ची कैसे जीवित मिली?
इस सप्ताह आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद राहत और बचाव दल ने मलबा हटाया तो दंपति की एक साल की बेटी अलाना जीवित मिली। बचावकर्मियों ने उसे तुरंत कराकास के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
फुटबॉलर हेक्टर बेलो की पत्नी और बच्ची।
- फोटो : Instagram
पत्नी को याद कर हेक्टर बेलो ने क्या लिखा?
शुक्रवार को हेक्टर बेलो ने अपनी पत्नी एंड्रिया को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा "मां, आप हमेशा हमारी सबसे बड़ी हीरो रहेंगी। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि हमारी बेटी हमेशा याद रखे कि आप कितनी अद्भुत थीं और उससे कितना प्यार करती थीं।"
बेटी से क्या वादा किया फुटबॉलर ने?
गहरे दुख में डूबे मारिटिमो डी ला ग्वायरा के डिफेंडर ने सोशल मीडिया पर कई भावुक पोस्ट साझा किए। उन्होंने लिखा "मैं उसे बताऊंगा कि आपने उसे कैसे बचाया, अपनी बेटी के लिए अपनी जान कैसे दे दी और आखिरी सांस तक उसका साथ नहीं छोड़ा।"
फुटबॉलर हेक्टर बेलो की पत्नी और बच्ची।
- फोटो : Instagram
बेटी के नाम लिखे संदेश में क्या कहा?
मलबे के नीचे से अलाना को सांस लेते हुए सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि उसकी मां की मौत हो चुकी थी। अपनी बेटी के नाम लिखे संदेश में बेलो ने कहा "मेरी बेटी... मुझे तुम्हारे मजबूत रहने की जरूरत है। थोड़ा इंतजार करो। मेरा दिल पूरी तरह टूट चुका है और उसे जोड़ने का काम तुम्हें ही करना होगा।"
उन्होंने आगे लिखा कि अब सिर्फ तुम और मैं हैं, जबकि तुम्हारी मां स्वर्ग से हम दोनों का ख्याल रख रही है। मुझे विश्वास है कि एंड्रिया मुझे ताकत देंगी। इस पूरे दुख के बीच मुझे लगता है कि अगर उन्हें मुझसे कुछ कहने का मौका मिलता, तो वह यही कहतीं कि तुम्हारी वैसे ही रक्षा करूं, जैसे उन्होंने अपनी जान देकर तुम्हारी रक्षा की।
भूकंप से कितना नुकसान हुआ है?
वेनेजुएला में आए इन दो शक्तिशाली भूकंपों से बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार मृतकों की संख्या 1400 के पार पहुंच चुकी है, जबकि बचाव अभियान अभी भी जारी है और हजारों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।