शोमुरोदोव का जन्म उज्बेकिस्तान के छोटे से ग्रामीण कस्बे जारकुरगान में हुआ था। विश्व कप से पहले उन्होंने कहा था कि वह उत्तरी अमेरिका में आयोजित इस टूर्नामेंट में अपने देश और अपनी प्रतिभा को नई पहचान दिलाना चाहते हैं। शुरुआती वोटिंग का विजेता बनकर उन्होंने अपने इस लक्ष्य की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
ऐसे चुना जाएगा गोल ऑफ द टूर्नामेंट
ग्रुप स्टेज की यह वोटिंग पूरे टूर्नामेंट की पहली प्रक्रिया थी, जिसमें फैंस को 48 घंटे तक मतदान का मौका मिला। इसके बाद राउंड ऑफ-32, राउंड ऑफ-16, क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल (संयुक्त) के बाद भी इसी तरह वोटिंग होगी। अंत में टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद अंतिम चरण की वोटिंग के जरिए गोल ऑफ द ऑफ द टूर्नामेंट का विजेता चुना जाएगा।
20वें दिन के नतीजे
वहीं, फीफा विश्व कप 2026 के 20वें दिन भी फुटबॉल के सबसे बड़े सितारों ने अपनी चमक बिखेरी। सबसे पहले नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालंद ने एक बार फिर गोल दागते हुए टूर्नामेंट में हर मैच में गोल करने का अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा और आइवरी कोस्ट के खिलाफ टीम को जीत दिलाई। इसके बाद फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने दो गोल कर महफिल लूट ली। टूर्नामेंट में उनकी तीसरी ब्रेस की बदौलत फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई। इस प्रदर्शन के साथ एमबाप्पे विश्व कप इतिहास में लियोनल मेसी के 19 गोल के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कदम दूर पहुंच गए हैं। साथ ही वह गोल्डन बूट की दौड़ में भी मेसी से आगे निकल गए हैं।
आइवरी कोस्ट 1-2 नॉर्वे (राउंड ऑफ-32)
डैलस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एर्लिंग हालैंड ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह इस विश्व कप में नॉर्वे के सबसे बड़े मैच विनर हैं। हालांकि इस मैच में वह अपने सर्वश्रेष्ठ रंग में नहीं दिखे, लेकिन निर्णायक समय पर गोल कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी। पहले हाफ के अंत में युवा खिलाड़ी एंटोनियो नुसा ने दो डिफेंडरों को छकाते हुए शानदार कर्लिंग शॉट से नॉर्वे को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में अमाद डियालो ने बेहतरीन व्यक्तिगत कौशल दिखाते हुए शानदार गोल कर कोट डी आइवर को बराबरी दिला दी।
इसके बाद ऑस्कर बॉब के सटीक पास पर पैट्रिक बर्ग ने गेंद हालैंड के लिए छोड़ी और नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर ने आसान फिनिश करते हुए टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसी गोल के दम पर नॉर्वे ने पहली बार विश्व कप नॉकआउट मुकाबला जीतकर राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई, जहां उसका सामना ब्राजील से होगा।