लियोनल मेसी भी मैच के दौरान कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और फैन्स को प्रभावित करने में असमर्थ दिखे। मैच खत्म होने के बाद पीएसजी की हार और टूर्नामेंट से बाहर होने से बौखलाए एक फैन ने मेसी को धक्का देकर गिराना चाहा। हालांकि, वह नाकाम रहा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल, एक शख्स ऑन-फील्ड सुरक्षाकर्मियों को चकमा देने में कामयाब रहा और मैदान में घुस आया। म्यूनिख के एलियांज एरिना में जर्मन चैंपियन बायर्न म्यूनिख के खिलाफ पीएसजी की हार के बाद एक फैन मेसी की ओर दौड़ा। हालांकि, मेसी को धक्का देने से पहले ही वह फिसल कर गिर गया। ऐसे में मेसी बाल-बाल बच गए। तभी सुरक्षाकर्मी भी आनन-फानन में मैदान में पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
मेसी-एम्बाप्पे को रोकने की योजना काम कर गई
पीएसजी ने पहले हाफ में दबदबा बनाकर रखा। उसे गोल करने का भी अवसर मिला, लेकिन वितिन्हा से शॉट को गोल लाइन से बायर्न के मैथिस डी लिग्ट ने गेंद को शानदार तरीके से बाहर कर दिया। बायर्न के लिए दूसरे हाफ में जीत के रास्ते बनें। चौपो मोटिंग ने खेल के 61वें मिनट में गोल कर बायर्न को बढ़त दिलाई। चोट के कारण नेमार इस मैच में नहीं खेले।
पीएसजी के कोच गैटलिएर ने हार के लिए व्यस्त कार्यक्रम और प्रमुख खिलाडिय़ों के चोटिल होना बताया। वहीं, बायर्न के कोच जूलियन नागेल्समैन ने कहा मेसी और एम्बाप्पे को नहीं चलने देने की योजना काम कर गई। पहले मैच में इन दोनों को रोकने के लिए खिलाडिय़ों को जो कहा गया था उसमें वे पूरी तरह सफल नहीं हुए थे, लेकिन आज उन्होंने योजना पर पूरी तरह अमल किया।