पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) की यूएफा चैंपियंस लीग में खिताबी जीत के बाद मचे उत्पात में दो प्रशंसकों की मौत हो गई है, जबकि एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल होने के बाद कोमा में पहुंच गया है। शनिवार देर रात खेले गए मुकाबले में पीएसजी ने इटैलियन क्लब इंटर मिलान को 5-0 से रौंद दिया। यह पीएसजी का पहला चैंपियंस लीग खिताब है और इसके बाद पेरिस में जश्न मनाने के लिए लोग सड़कों पर आ गए।
अब तक 294 लोगों को गिरफ्तार किया गया
पेरिस में जश्न मनाने को लेकर खूब बवाल हुआ और पुलिस को मामले को शांत कराना पड़ा। इसके कई वीडियोज भी सामने आए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैंस ने पुलिस पर हमला भी किया। गाड़ियों में भी आग लगाई और जमकर बवाल काटा। राष्ट्रीय पुलिस सर्विस ने बताया कि जीत के बाद पीएसजी की स्ट्रीट पार्टी के दौरान एक 17 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। पीएसजी के जश्न के दौरान कार से स्कूटर टकराने के बाद एक व्यक्ति की पेरिस में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अब तक 294 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पीएसजी के लिए खास है ट्रॉफी
पीएसजी के लिए यह ट्रॉफी जीतना काफी खास था क्योंकि यह वह ट्रॉफी थी जो लियोनल मेसी, नेमार या किलियन एमबाप्पे भी फ्रांस के इस क्लब को नहीं दिला पाए थे। इससे पहले पीएसजी 2020 में चैंपियंस लीग के फाइनल में पहुंचा था लेकिन तब वह बायर्न म्यूनिख से हार गया था, जिसके बाद नेमार लिस्बन के खाली स्टेडियम में रो पड़े थे। कोरोना महामारी के कारण तब यह मैच खाली स्टेडियम में खेला गया था। लेकिन इस बार माहौल पूरी तरह से भिन्न था। पीएसजी के हजारों समर्थक स्टेडियम में मौजूद थे। वे झंडे लहरा रहे थे, पटाखे जला रहे थे और अपने प्रतिद्वंद्वियों इंटर के समर्थकों का शोरगुल दबा रहे थे, जिनमें से कई समर्थक अंतिम सीटी बजने से काफी पहले ही स्टेडियम से चले गए थे।
70 वर्षों में चैंपियंस लीग फाइनल में सबसे बड़ी जीत
मैच की बात करें तो पीएसजी ने दर्शकों के अपार समर्थन के बीच बेहतरीन खेल का नजारा पेश किया और इंटर के समर्थकों को आखिरी सिटी बजने से पहले ही स्टेडियम छोड़ने के लिए मजबूर किया। पीएसजी की तरफ से डोए ने 20वें और 63वें मिनट में गोल किए। उनके अलावा अचरफ हकीमी (12वें), ख्विचा क्वारात्सखेलिया (73वें) और स्थानापन्न सेनी मायुलु (86वें) ने एक एक गोल करके पीएसजी की रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित की। यह पिछले 70 वर्षों में चैंपियंस लीग के फाइनल में किसी भी टीम की सबसे बड़ी जीत है।