झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को यहां कहा कि राज्य में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तैयार किए जाएंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में दो प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
रघुवर दास ने रांची कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2018 के समापन के अवसर पर यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘झारखंड खेल प्राधिकरण रांची में बिरसा मुंडा फुटबॉल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और देवघर में सिदो-कान्हू फुटबॉल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तैयार करेगा।’
दास ने कहा, 'झारखंड में फुटबॉल खेल बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर के मेधावी फुटबॉल खिलाड़ियों उचित सुविधाएं और कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉकी, तीरंदाजी और क्रिकेट में झारखंड के कई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि फुटबॉल के क्षेत्र में भी राज्य से अच्छे खिलाड़ी उभर कर सामने आए और राज्य का मान बढ़ाएं।’
दास ने मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2018 की विजेता टीम रांची एवं उप विजेता रही सरायकेला की टीमों को भी बधाई दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले हॉकी खिलाड़ी सुश्री सलीमा टेटे को 20 लाख रुपये, हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान और तीरंदाजी में पदक जीतने वाली खिलाड़ी मधुमिता कुमारी को 10-10 लाख, तीरंदाज जयंत तालुकदार को पांच लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किए।