नारंगी जर्सी पहने हॉलैंड के जोहान क्रूफ को यूरोप के इतिहास का सबसे बेहतरीन फुटबॉलर माना जाता है। साल 1974 में पश्चिमी जर्मनी में खेले गए विश्वकप में उन्होंने अपनी टीम का नेतृत्व किया और 'टोटल फ़ुटबॉल' की अपनी रणनीति के चलते उन्होंने हॉलैंड को फ़ाइनल तक पहुंचाया।
लेकिन इस ऐतिहासिक मैच में उनकी टीम जर्मनी के हाथों 1-2 से हार गई। क्रूफ ने तीन बार गोल्डन बॉल का खिताब जीता लेकिन वे कभी विश्वकप नहीं जीत पाए।
पुस्कास को एक सर्वकालिक बेहतरीन फॉर्वर्ड खिलाड़ी के तौर पर जाना जाता है। साल 1952 के ओलंपिक खेलों में उन्होंने अपनी टीम को स्वर्ण पदक दिलाया और उसके दो साल बाद 1954 में स्विट्जरलैंड में खेले गए फ़ुटबॉल विश्वकप में उनकी टीम फ़ाइनल तक पहुंची।
इस मुकाबले में उनकी टीम जीत की प्रबल दावेदार थी लेकिन यहां उन्हें पश्चिम जर्मनी के हाथों मात खानी पड़ी। साल 1962 में पुस्कास ने स्पेन की नागरिकता ली और इसी साल चिली में खेले गए विश्वकप में उन्होंने हिस्सा भी लिया, लेकिन यहां भी वे विश्वकप नहीं जीत पाए।
फीफा ने डि स्टेफनो को 20वीं शताब्दी के पांच सबसे बेहतरीन फ़ुटबॉलरों में शामिल किया था। इस सूची में पेले, मैराडोना, क्रूफ और बैकेनबोर शामिल थे। इतना बेहतरीन फुटबॉलर होने के बावजूद डी स्टेफनो कभी विश्वकप नहीं खेल पाए।
पहले वे अर्जेंटीना के लिए खेलते रहे लेकिन इस दौरान साल 1950 और 1954 के विश्वकप में अर्जेंटीना ने हिस्सा ही नहीं लिया। इसके बाद डी स्टेफ़नो ने अर्जेंटीना छोड़ स्पेन की नागरिकता ली, लेकिन बदकिस्मती ने उनका साथ नहीं छोड़ा और साल 1958 के विश्वकप के लिए स्पेन क्वालिफाई ही नहीं कर सका। उसके चार साल बाद चिली में हुए विश्वकप में डी स्टेफ़नो चोटिल होने के कारण नहीं खेल पाए।
यूसेबियो का जन्म मोजाम्बिक में हुआ, उस समय यहां पुर्तगाल का शासन था। यूसेबियो को पुर्तगाली फुटबॉल का पहला महान फुटबॉलर माना जाता है। 1965 में उन्हें यूरोप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के तौर पर चुना गया।
इसके एक साल बाद इंग्लैंड में हुए विश्वकप में यूसेबियो के बेहतरीन खेल की मदद से पुर्तगाल की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची लेकिन यहां उन्हे इंग्लैंड ने 1-2 से हरा दिया।
उत्तरी आयरलैंड का यह महान फुटबॉलर कभी विश्वकप में हिस्सा नहीं ले सका. हालांकि उन्होंने डेनिस लॉवी बॉबी चार्ल्टन के साथ मिलकर साल 1968 के यूरोपियन कप में अपनी टीम मेनचेस्टर यूनाइटेड को चैंपियन ज़रूर बनाया। इसी साल उन्हें यूरोप का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया था।
मैक्रो ने सिर्फ एक ही विश्वकप में हिस्सा लिया। यह विश्वकप साल 1990 में इटली में खेला गया था। इससे पहले 1988 में वैन बैस्टन अपनी टीम को यूरोपियन चैंपियनशिप का खिताब जिता चुके थे। साल 1992 में उन्हें विश्व का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया और उन्होंने तीन बार गोल्डन बॉल भी जीती।
लेकिन साल 1993 में जब वे महज 28 साल के थे तब टकने में लगी गंभीर चोट ने उनका करियर समाप्त कर दिया। इन तमाम खिलाड़ियों के अलावा भी कई दूसरे बेहतरीन खिलाड़ी रहे जो कभी विश्वकप नहीं जीत सके, जैसे पाउलो मेल्डिनी (इटली), लुइस फिगो (पुर्तगाल), जिको (ब्राजील), रोबर्टो बैगियो (इटली) और माइकल प्लेटिनी (फ्रांस)।