भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा गोल करने वाले दिग्गज फुटबॉलर सुनील छेत्री ने कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी में इस खेल के विकास में सहयोग देने के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। पद्म श्री पुरस्कार पाने वाले 34 साल के इस खिलाड़ी को यहां इस खेल का संचालन करने वाले 'फुटबॉल दिल्ली' ने पहले फुटबॉल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया।
छेत्री ने कहा, 'मैं 'फुटबॉल दिल्ली' के इस सम्मान और फुटबॉल रत्न पुरस्कार पाकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं दिल्ली में फुटबॉल के विकास केलिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा। मुझे यकीन है कि वर्तमान प्रबंधन दिल्ली में फुटबॉल के विकास के लिए मेहनत कर रहा है और उम्मीद है कि दिल्ली देश के दूसरे राज्यों के लिए आदर्श बनेगा।