अर्जेंटीना के फुटबॉल खिलाड़ी लियोन मैसी लगातार चौथी बार 'फीफा प्लेयर ऑफ द ईयर' चुने गए हैं। मैसी लगातार चौथी बार इस सम्मान को पाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। 25 वर्षीय मैसी ने पिछले साल बार्सिलोना और अर्जेंटीना के लिये कुल 91 रिकॉर्ड गोल दागे थे। उन्होंने इस तरह से गेर्ड मुल्लर द्वारा वर्ष 1972 में बेयर्न म्यूनिख और जर्मनी के लिये बनाये गये 85 गोल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
मैसी ने लगातार चौथी बार 'फीफा प्लेयर आफ द ईयर' के पुरस्कार पर कब्जा कर मैड्रिड के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और बार्सिलोना के अपने साथी खिलाड़ी आंद्रे इनियेस्ता को पीछे छोड़ दिया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद मैसी ने कहा, 'अगर सच बोलू तो मुझे विश्वास ही नहीं हो रहा कि मैने चौथी बार यह पुरस्कार प्राप्त किया है। मैं बेहद नर्वस हूं।' पुरुषों के अलावा अमेरिका की एबी वैमबाक को 'फीफा महिला प्लेयर ऑफ द ईयर' के खिताब से नवाजा गया।