उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित केंद्रीय विद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन क्वार्टर फाइनल को लेकर टीमों में कांटे का मुकाबला हुआ। छह टीम कोलकाता, बंगलूरू, देहरादून, गुवाहाटी, सिल्चर, वाराणसी ने क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया है। सभी टीमों के बीच काफी संघर्षपूर्ण मुकाबला रहा।
पहला मैच लखनऊ ओर अहमदाबाद के मध्य खेला गया। इसमें 3-1 से अहमदाबाद ने बाजी मारी। लखनऊ के जतिन बोरा, अहमदाबाद के राघव, कार्तिक और जानी ने एक-एक गोल किया। गुवाहाटी ने सिरसा को 4-1 से शिकस्त दी। गुवाहाटी से थाम रिन रुअत, रोशन प्रताप, विशाल और सिरसा के देमन सोहता ने एक-एक गोल किया।
तीसरे मुकाबले में भोपाल ने तिनसुकिया को 1-0 से हराया। भोपाल की ओर से एक मात्र गोल मोहित थापा ने किया। चौथे मैच में हैदराबाद ने एकतरफा मुकाबले में पटना को 6-0 से शिकस्त दी। जयदीप ने 3, सत्यम ने 2 और प्रेम ने 1 गोल किया।
पांचवें मैच में कोलकाता ने चेन्नई को 2-0 से हराया। कोलकाता के आशुतोष और शुभादीप ने एक-एक गोल किया। छठवें मैच में बंगलूरू ने रांची पर 3-0 से जीत दर्ज की। इसमें दीपांकर ने 2, भार्गन ने 1 गोल किया। सातवें मैच में सिल्चर ने जम्मू को 4-0 से हराया। सिल्चर के कमरवान थाम, एल. कामसून, लवसन, जोशीदास सिंह ने एक-एक गोल किया।
आठवें मैच में वाराणसी ने आगरा को 2-1 से हराया। वाराणसी के अखिलेश, राहुल और आगरा के भूपेंद्र ने एक-एक गोल किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अजय, दीपक, राजीव रत्न, संजय, अनिल, शिव, जे. चक्रवर्ती, मनोज ने निभाई।