उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित केंद्रीय विद्यालय में चल रही राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्चर, वाराणसी, कोलकाता व गुवाहाटी की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अंतिम तीन लीग मैच भी खेले गए। लीग मैचों में हैदराबाद ने जबलपुर को 4-0, अहमदाबाद ने एरनाकुलम को 5-2 व रायपुर ने सिरसा को 4-1 गोल के अंतर से पराजित किया।
गुरुवार को पहला क्वार्टर फाइनल मैच सिल्चर व बंगलूरू के बीच खेला गया। सिल्चर के लवसन कामई ने छह गोल करके हैट्रिक मारी। डीएल मार, जोसेफ व जोशीदास ने एक-एक गोल किए। सिल्चर ने मैच को 9-0 से जीत कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में वाराणसी ने देहरादून को 1-0 गोल के अंतर से हराया। वाराणसी के रोशन ने एक गोल करके टीम की जगह सेमीफाइनल में बनाई।
तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच कोलकाता व हैदराबाद के बीच खेला गया। इसमें आशुतोष के दो गोल के सहारे कोलकाता ने 2-0 से मैच को जीत कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। चौथे क्वार्टर फाइनल मैच में गुवाहाटी व अहमदाबाद की टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए हाथ पैर मारा। गुवाहाटी के रोशन विश्वकर्मा के एक गोल की मदद से गुवाहाटी की टीम को सेमीफाइनल में जगह मिल गई। सभी टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए पूरी ताकत झोंकी।