साल 2002 में जापान-दक्षिण कोरिया की संयुक्त मेजबानी में खेले गए विश्वकप के पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस को मात देकर सनसनी मचाने वाली सेनेगल ने रूस में आयोजित होने वाले 2018 विश्वकप के लिए अपना टिकट पक्का कर लिया है। जोहानेसबर्ग के पोलोकवाने में खेले गये मुकाबले में सेनेगल ने इंग्लिश प्रीमियर लीग में खेलने वाले दियाफ्रा साखू और सादियो माने के शानदार खेल के दम पर दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से मात देकर विश्वकप में अपनी जगह पक्की की।
सेनेगल के लिये माने के पास पर साखू ने पहला गोल किया जबकि दक्षिण अफ्रीका के आत्मघाती गोल में भी दोनों का हाथ था, यह गोल थामसांक्वा एमखिजे ने किया। इस जीत से सेनेगल ने ग्रुप डी में पांच अंक की निर्णायक बढ़त बना ली। उसने इससे पहले सिर्फ एक बार 2002 में विश्वकप के लिये क्वालीफाई किया था और दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रही थी। उसके शानदार खेल की वजह से डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस को पहले दौर में ही विश्वकप से बाहर होना पड़ा था।
वहीं दूसरी तरफ स्वीडन ने फुटबाल विश्व कप प्लेऑफ मुकाबले के पहले चरण में चार बार की चैम्पियन इटली को 1-0 से हराकर 2018 विश्वकप के लिए क्वालीफाई करने की उसकी राह मुश्किल कर दी है। स्वीडन के लिये सब्सटीट्य़ूट खिलाड़ी जैकब योहानसन ने 61वें मिनट में गोल किया।
अगले साल होने वाले विश्वकप में क्वालीफाई करने की उम्मीदों को बरकरार रखने के लिये इटली को अब दूसरे चरण के घरेलू मुकाबले में स्वीडन को हराना होगा। यदि इटली विश्वकप के लिये क्वालीफाई करने में नाकाम रहती है तो 60 साल में ऐसा दूसरी बार होगा। इससे पहले 1958 में इटली विश्वकप में क्वालीफाई करने में असफल रही थी।
होंडुरास के सान पेड्रो सुला में खेले गये एक अन्य मुकाबले में होंडुरास ने ऑस्ट्रेलिया से गोल रहित ड्रा खेला। एशिया-कॉनकैफ प्लेआफ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के टामी जूरिस दोनों हाफ में गोल करने के मौकों को चूक गये। हालांकि इस ड्रा से ऑस्ट्रेलिया क्वालीफाई करने के करीब पहुंच गया है। दोनों टीमों के बीच बुधवार को दूसरे दौर का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया में खेला जायेगा।