पैराग्वे के जज गुस्तावो एमरिल्ला ने ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो और उनके भाई को जेल से रिहा कर होटल में नजरबंद रखने का आदेश दिया है। इन दोनों को पैराग्वे में प्रवेश करने के लिए जाली पासपोर्ट का इस्तेमाल करने के लिए ठीक एक महीने पहले गिरफ्तार किया गया था। इस आदेश का मतलब है कि इन भाइयों को जेल की विकट परिस्थितियों के बजाय आसुनसियोन के होटल में रहने का मौका मिलेगा लेकिन उन्हें नजरबंद रखा जाएगा। पैराग्वे की अपीली अदालत ने पिछले महीने इन दोनों भाइयों को रिहा करने से इनकार कर दिया था। इस कारण दो बार विश्व के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर चुने गए रोनाल्डिन्हो को अपना 40वां जन्मदिन जेल में मनाना पड़ा।