रियल मैड्रिड तीन साल बाद पहले और रिकॉर्ड 34वें ला लिगा खिताब से सिर्फ एक जीत दूर है। जिनेदिन जिदान की टीम ग्रेनाडा पर 2-1 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी के करीब पहुंच गई है। उसके 36 मैचों में 25 जीत से 83 अंक हो गए हैं। रियल और दूसरे स्थान पर चल रहे बार्सिलोना (79) के बीच चार अंकों का फासला है।
रियल अब बृहस्पतिवार को अगर विलारियल को हरा देता है तो वह चैंपियन बन जाएगा। यही नहीं गत चैंपियन बार्सिलोना अगर ओसासुना के खिलाफ मैच हार जाता है तो भी रियल का खिताब पक्का हो जाएगा। दोनों टीमों के दो-दो मैच बचे हैं। रियल दोनों मुकाबले ड्रॉ खेलने पर भी विजेता बन जाएगा जो 2017 के बाद उसकी पहली ट्रॉफी होगी। उसे ताज के लिए सिर्फ दो अंकों की दरकार है।
बेंजेमा के 19 गोल
रियल की इस जीत के हीरो एक बार फिर करीब बेंजेमा रहे। फरलैंड मेंडी (10वें मिनट) और करीम बेंजेमा (16वें मिनट) ने छह मिनट के भीतर दो गोल दाग कर टीम की जीत तय कर दी थी। हालांकि ग्रेनाडा की तरफ से डार्विन मैचिस ने 50वें मिनट में गोल कर हार का अंतर कम किया। बेंजेमा के इस सत्र में लीग में 19 गोल हो गए हैं। वह लियोनल मेसी (22) के बाद दूसरे नंबर पर हैं।
सेविला ने चैंपियंस लीग के लिए किया क्वालिफाई
विलारियल को रियल सोसिदाद के हाथों 1-2 की हार से सेविला ने अपना चौथा स्थान सुनिश्चित करने के साथ ही चैंपियंस लीग के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। लीग में जगह बनाने वाली अन्य टीमें रियल मैड्रिड, बार्सिलोना और एटलेटिको मैड्रिड हैं। एक अन्य मैच में गेटाफे ने अलावेस के साथ गोलरहित ड्रॉ खेला। इससे वह छठे स्थान पर बना हुआ है।
‘कोरोना के कारण अलग रहना संभवत: टर्निंग प्वाइंट था। हमने घरों पर काफी अच्छी तैयारी की और वापसी पर हमारे सामने लीग जीतने का लक्ष्य था। हम उसके लिए चुनौती पेश कर रहे हैं। उम्मीद करते हैं कि हम बृहस्पतिवार को खिताब का जश्न मना पाएंगे।’ -सर्जियो रोमास, कप्तान रियल मैड्रिड