चैंपियंस लीग में लिवरपूल के खिलाफ भिड़ंत से पहले रियल मैड्रिड की टीम बस पर हमला हुआ है। टीम एनफील्ड जा रही थी, तभी रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने इस नापाक हरकत को अंजाम दिया। इस घटना पर लिवरपूल ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा, 'हम एनफील्ड आते वक्त रियल मैड्रिड टीम की बस पर हुए हमले की निंदा करते हैं। यह शर्म की बात है'
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, हम रियल मैड्रिड की टीम पर हुए हमले से काफी शर्मिंदा है। हम मर्सीसाइड पुलिस के साथ मिलकर काम करेंगे और जल्द से जल्द हमलावरों को गिरफ्त में लेंगे। इस वर्ष कोरोनावायरस महामारी के कारण चैंपियंस लीग के मुकाबले बिना दर्शकों के ही खेले जा रहे हैं।
बस पर हमले की घटना पहली बार नहीं हुई है। तीन साल पहले भी चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले मैनचेस्टर सिटी टीम के बस पर भी हमला हुआ था। बोतलों और कैन से किए गए उस हमले में बस की खिड़कियों के कांच तोड़ दिए गए थे।
सेमीफाइनल में रियल मैड्रिड
जिनेदीन जिदान के मार्गदर्शन में रियल मैड्रिड ने शानदार वापसी करते हुए लिवरपूल को हराकर चैंपियंस लीग फुटबॉल के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। लिवरपूल के कोच जर्गेन क्लॉप के नाम सत्र में कोई खिताब नहीं रहा। रिकॉर्ड 13 बार की यूरोपीय चैंपियन मैड्रिड का सामना सेमीफाइनल में चेलसी से होगा। लिवरपूल को 2018 फाइनल में हराकर लगातार तीसरी बार यूरोपीय कप जीतने के बाद मैड्रिड पहली बार अंतिम चार में पहुंची है। बतौर कोच 2018 फाइनल में मिली जीत जिदान के पहले कार्यकाल का आखिरी मैच था, लेकिन टीम का प्रदर्शन खराब होने पर उन्हें 2019 में फिर कोच बनाया गया । इस सत्र में हालांकि कुछ समय पहले तक नतीजे अनुकूल नहीं थे । ला लिगा में जनवरी में एटलेटिको मैड्रिड से दस अंक से पिछड़ी उनकी टीम अब सिर्फ एक अंक पीछे है।