कतर ने शुक्रवार को फाइनल में जापान को हराकर एएफसी एशियन कप का खिताब अपने नाम कर लिया। कतर ने फाइनल में जापान को 3-1 से हराया। कतर की तरफ से अजमोज अली 12वें, अब्दुलाजीज हातेम 27वें और अकरम अफीफ ने 83वें मिनट में गोल दागा। वहीं, जापान की तरफ से एकमात्र गोल तकुमी मिनामिनो ने 69वें मिनट में किया।
इस मुकाबले में कतर की टीम शुरुआत से ही जापान की टीम पर हावी थी। पहले हाफ में शुरुआत में ही कतर ने 12वें मिनट में गोलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह गोल अजमोज अली ने किया। इसके कुछ ही देर के बाद 27वें मिनट कतर ने एक और किया और जापान पर 2-0 की बढ़त बना ली।
इस दोहरे गोल के बाद जापान की टीम पूरी तरह दबाव में आ गई। हालांकि, पहले हाफ में जापान ने गोल करने का प्रयास किया लेकिन नाकाम रहे। इसी के साथ पहले हाफ का खेल समाप्त हो गया। कतर ने पहले हाफ नें 2-0 की बढ़त बनाए।
खेल के दूसरे हाफ में जापान की टीम ने गोल करने और स्कोर को बराबर करने की पूरी कोशिश की और सफल भी रहे। जापान की तरफ से 69वें मिनट में मिनामिनो ने शानदार गोल दागा और स्कोर को 1-2 कर दिया।
इसके बाद पूरे जोश से लबरेज जापान की टीम भी कहां चुप बैठी और 83वें मिनट में जापान को पेनल्टी मिली, जिस पर अकरम ने शानदार शॉय लगाकर अपनी टीम के स्कोर को 3-1 कर दिया। बाकी बचे सात मिनट में जापान ने गोल करने के अथक प्रयास किए लेकिन कामयाब नहीं हो पाए और यह मुकाबला कतर ने 3-1 से अपने नाम कर लिया और एएफसी एशियन कप 2019 का खिताब पर कब्जा जमाया।
जापान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान को 3-0 से हराकर टूनार्मेंट के फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, कतर ने सेमीफाइनल में यूएई को 4-0 से हराकर एएफसी एशियन कप के फाइनल में प्रवेश किया था।
बता दें कि कतर की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची और खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं, जापान को पहली बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उसने 1992, 2000, 2004 और 2011 में खिताब जीता था।