गत चैम्पियन मिनर्वा पंजाब एफसी ने शनिवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आई लीग के फुटबाल मुकाबले में इंडियन एरोज को एकमात्र गोल से शिकस्त दी। पंजाब की टीम के लिए फिलिप एनजोकू ने 76वें मिनट में यह गोल दागा जिससे टीम तीन अंक जुटाने में सफल रही।
फिलिप ने गोलकीपर प्रबसुखन गिल और साथी डिफेंडर के बीच हुई रक्षात्मक गलती का फायदा उठाते हुए शानदार गोल किया।
मोहन बागान और चेन्नई सिटी ने 1-1 से ड्रॉ खेला
मेजबान मोहन बागान ने शनिवार को यहां हीरो आई लीग टूर्नामेंट के फुटबाल मैच में शीर्ष पर चल रही चेन्नई सिटी से 1-1 से ड्रॉ खेला। सोनी नोर्डे ने 50वें मिनट में मेजबान टीम के लिये गोल किया जबकि चेन्नई सिटी के लिये स्पेनिश मिडफील्डर नेस्टर जीजस ने 81वें मिनट में गोल दागा। इससे दोनों टीमों ने अंक बांटे।
मोहन बागान की टीम अब 16 दिसंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी क्वेस ईस्ट बंगाल से भिड़ेगी जबकि चेन्नई सिटी इसी दिन पंचकुला में गत चैम्पियन मिनर्वा पंजाब एफसी से खेलेगा।