फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Explainer: पुर्तगाल के मैच में हाईवोल्टेज ड्रामा! VAR ने क्रोएशिया को किया बाहर? गोल रद्द होने की क्या रही वजह

Fri, 03 Jul 2026 08:10 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, टोरंटो

सार

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। मुकाबले में दो बड़े VAR फैसलों ने परिणाम पर अहम असर डाला। रोनाल्डो ने पेनल्टी पर बराबरी का गोल किया, जबकि जोश्को ग्वार्डियोल का आखिरी मिनट का गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया।
विज्ञापन
पुर्तगाल बनाम क्रोएशिया - फोटो : FIFA.COM
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो का पहला विश्व कप नॉकआउट गोल, दो बड़े VAR फैसले और आखिरी मिनटों का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। सबसे बड़ा विवाद तब हुआ जब जोश्को ग्वार्डियोल का बराबरी का गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया। 

विज्ञापन


टोरंटो में खेले गए इस मुकाबले की शुरुआत तेज रफ्तार के साथ हुई। पुर्तगाल ने शुरुआती मिनटों में गेंद पर ज्यादा कब्जा रखा और लगातार क्रोएशिया के गोल पर दबाव बनाया। क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पहले हाफ में हेडर से बढ़त दिलाने का शानदार मौका मिला, लेकिन वह उसे गोल में नहीं बदल सके। दूसरी ओर, क्रोएशिया भी जवाबी हमलों के जरिए पुर्तगाली डिफेंस को परेशान करता रहा

रोनाल्डो ने दागा गोल - फोटो : FIFA.COM

पेरिसिच ने दिलाई बढ़त, फिर रोनाल्डो ने कराई वापसी
दूसरे हाफ के 53वें मिनट में इवान पेरिसिच ने शानदार फिनिश के साथ गोल दागकर क्रोएशिया को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके कुछ मिनट बाद रोनाल्डो ने लंबा पास शानदार तरीके से नियंत्रित कर गेंद को गोल में पहुंचा दिया, लेकिन सहायक रेफरी ने ऑफसाइड का झंडा उठा दिया। रीप्ले में साफ हुआ कि रोनाल्डो का कंधा आखिरी डिफेंडर से थोड़ा आगे था। इसी वजह से VAR ने भी गोल को वैध नहीं माना और पुर्तगाल को बराबरी का इंतजार करना पड़ा।

हालांकि 64वें मिनट में कॉर्नर के दौरान बॉक्स में रेनाटो वेइगा को निकोला व्लासिच ने गिरा दिया। रेफरी ने VAR पर घटना देखने के बाद पेनल्टी दे दी। रोनाल्डो ने मौके को भुनाते हुए गोल किया और विश्व कप नॉकआउट चरण का अपना पहला गोल दागते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।
 

 

रामोस व्हाइट जर्सी में - फोटो : FIFA.COM

रामोस ने पलटा मैच, फिर VAR बना क्रोएशिया का 'विलेन'
 

  • 90 मिनट के खेल के बाद 10 मिनट का इंजरी टाइम जोड़ा गया। हालांकि, एक बार इंजरी टाइम शुरू होते ही ये 18 मिनट तक बढ़ गया।
  • यह फीफा विश्वकप में अब तक के सबसे रोमांचक 18 मिनट रहे। इसमें फुल ऑन ड्रामा देखने को मिला। 
  • इंजरी टाइम में 90+4वें मिनट में राफेल लियाओ के क्रॉस पर गोंजालो रामोस ने हेडर से गोल दाग पुर्तगाल को 2-1 से आगे कर दिया।
  • इसके बाद क्रोएशिया ने लगातार अटैक किए, लेकिन गोल में तब्दील नहीं कर सके। रेफरी ने 10 मिनट के इंजरी टाइम के बाद भी खेल जारी रहने दिया।
  • इंजरी टाइम में ऐसा लगा कि जोश्को ग्वार्डियोल ने गोल कर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया है, लेकिन मामला एक बार फिर VAR तक पहुंच गया।
  • 90+15वें मिनट में क्रोएशिया ने गोल दागा और जश्न मनाना शुरू कर दिया। हालांकि, रेफरी ने VAR का सहारा लिया, क्योंकि पुर्तगाली खिलाड़ियों ने ऑफ साइड के लिए अपील की।
  • रेफरी ने VAR में पाया कि क्रोएशिया खिलाड़ी ने जब पास दिया तब उनका दूसरा खिलाड़ी ऑफ साइड था और रेफरी ने गोल को निरस्त कर दिया।
  • रीप्ले में देखा गया कि इवान पेरिसिच के पास के बाद इगोर मातानोविच ने गेंद को आगे बढ़ाया था। उसी समय मारियो पासालिच ऑफसाइड स्थिति में थे और खेल की कार्रवाई को प्रभावित कर रहे थे।
  • भले ही अंतिम गोल ग्वार्डियोल ने किया, लेकिन VAR ने माना कि ऑफसाइड स्थिति में मौजूद पासालिच उस मूव का हिस्सा थे। इसके चलते रेफरी ने गोल रद्द कर दिया और क्रोएशिया की बराबरी की उम्मीद खत्म हो गई।
  • इस तरह क्रोएशिया का जश्न दुख में बदल गया। वहीं, पुर्तगाली खिलाड़ियों और फैंस ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। इस ड्रामे के तीन मिनट बाद रेफरी ने फाइनल सिटी बजाई और मैच खत्म होने का एलान किया।
 

VAR ड्रामा - फोटो : AP

रेफरी ने क्या सोचकर रद्द किया गोल?
 

  • हालांकि, कई दिग्गज रेफरी के इस फैसले को विवादित मान रहे हैं, क्योंकि उनका मानना है कि मातानोविच से टच होने के बाद गेंद पुर्तगाल के वेइगा के बालों को छूकर पासालिच के पास पहुंची थी। ऐसे में ऑफसाइड का सवाल ही नहीं था।
  • हालांकि, रेफरी का मानना था कि वेइगा ने जानबूझकर गेंद टच नहीं किया। वह गेंद की लाइन से हटने की कोशिश कर रहे थे और यह डेलिब्रेट नहीं था। गेंद गलती से उनके बालों को छूकर गई। वहीं, पासालिच निश्चित तौर पर ऑफसाइड खड़े थे। 
 

मैच के दौरान रोनाल्डो - फोटो : FIFA.COM

फुटबॉल जगत से इस फैसले पर प्रतिक्रियाएं
 

  • हालांकि, इस फैसले ने पूरे फुटबॉल जगत को झकझोर कर रख दिया। फुटबॉल के दिग्गज अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इंग्लैंड के दिग्गज फुटबॉलर वेन रूनी ने इसे दिन दहाड़े गोल की डकैती बताया है।
  • रूनी ने कहा, 'यह तो दिनदहाड़े लूट है। यह बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता। जब गेंद साफ तौर पर वेइगा के सिर से लगी थी तो फिर ऑफसाइड कैसे हो सकता है? मैंने लुका मोड्रिच को हंसते हुए देखा और तभी समझ गया कि रेफरी का फैसला मजाक बन गया है।'
  • रूनी ने पुर्तगाल की जीत पर सवाल उठाते हुए लिखा, 'रोनाल्डो और रॉबर्टो मार्टिनेज को भी पता होना चाहिए कि वे इस जीत के हकदार नहीं थे। पहले पुर्तगाल को आसान फाउल दिया गया और फिर यह फैसला। ऐसे रेफरी को विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में मैच नहीं कराना चाहिए। इस रेफरी की जांच होनी चाहिए।'
  • वहीं, ज्लातान इब्राहिमोविच ने क्रोएशिया का आखिरी मिनट का गोल रद्द किए जाने पर VAR और रेफरी की कड़ी आलोचना की। उनका कहना था कि इतनी अहम स्थिति में गोल तभी रद्द होना चाहिए, जब उसके पक्ष में पुख्ता सबूत हों।
  • इब्राहिमोविच ने दावा किया कि उपलब्ध रीप्ले में ऐसा कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि VAR अब साफ गलतियों को सुधारने के बजाय मिलीमीटर के अंतर खोजने में लगा है, जिससे फुटबॉल का रोमांच और फैंस का भरोसा दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
 

फीफा विश्वकप 2026 - फोटो : FIFA.COM
मैच के बाद क्रोएशियाई फैंस ने फेंकी बोतलें
VAR के फैसले के बाद बीएमओ फील्ड का माहौल पूरी तरह गरमा गया। क्रोएशिया के समर्थकों ने अपना गुस्सा मैदान पर पानी की बोतलें फेंककर जाहिर किया, जिससे खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों और मैच अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। क्रोएशिया के अनुभवी विंगर इवान पेरिसिच, माहौल शांत कराने के लिए ट्रैवलिंग फैंस के पास पहुंचे। इसके बाद स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर ऑफसाइड से जुड़ा रिप्ले भी दिखाया गया। हालांकि, रिप्ले और फैसले की व्याख्या के बावजूद क्रोएशियाई खिलाड़ियों और फैंस का दर्द कम नहीं हुआ।
 
विज्ञापन

VAR के फैसलों ने बदल दी मैच की तस्वीर
इस मुकाबले में VAR ने दो बार अहम भूमिका निभाई। पहले रोनाल्डो का गोल ऑफसाइड के कारण रद्द हुआ, फिर VAR की मदद से पुर्तगाल को पेनल्टी मिली, जिस पर रोनाल्डो ने बराबरी का गोल किया। आखिर में ग्वार्डियोल का गोल भी ऑफसाइड के चलते खारिज कर दिया गया। इन फैसलों के बाद पुर्तगाल ने 2-1 से जीत दर्ज करते हुए अंतिम-16 में जगह बनाई, जहां अब उसका सामना स्पेन से सात जुलाई को डैलस में होगा। वहीं, क्रोएशिया और लुका मॉड्रिच का विश्व कप अभियान बेहद विवादास्पद अंदाज में समाप्त हो गया। यह मॉड्रिच का आखिरी विश्व कप था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें