फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोनाल्डो ने लिया संन्यास: पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में नहीं आएंगे नजर, कैसा रहा करियर?

Thu, 05 Nov 2026 04:21 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया है। रोनाल्डो हालांकि, क्लब फुटबॉल में खेलते रहेंगे। रोनाल्डो के संन्यास लेने के साथ ही फुटबॉल में एक युग समाप्त हो गया है। इसी साल अर्जेंटीना के पूर्व खिलाड़ी लियोनल मेसी ने भी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कहा था और अब रोनाल्डो ने भी संन्यास ले लिया है।
विज्ञापन
रोनाल्डो और मेसी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल के कोच जॉर्ज जेसुस के साथ हुए विवाद के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया है। 41 वर्षीय रोनाल्डो 146 गोल के साथ पुर्तगाल के सर्वकालिक शीर्ष गोल करने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 232 मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया और 2016 में यूरोपीय चैंपियनशिप का खिताब भी जिताया था।
विज्ञापन
Trending Videos

रोनाल्डो और जॉर्ज जीसस - फोटो : ANI/AP
कोच के साथ क्यों हुआ विवाद?
यह पूरा विवाद पिछले अंतरराष्ट्रीय ब्रेक के दौरान सामने आया, जब ओस्लो में नॉर्वे के खिलाफ नेशंस लीग के मैच में पुर्तगाल ने 2-1 से जीत दर्ज की, लेकिन रोनाल्डो को इस मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिला। मैच के अंतिम सीटी बजते ही वह सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए और मैच के बाद मैदान पर जाकर सफर करके आए यात्रा करने वाले और उत्साहवर्धन करने वाले प्रशंसकों का अभिवादन करने के लिए अपने साथियों के साथ नहीं जुड़े।

इस घटना के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया और जुर्माना भी लगाया गया। इसके बाद एक लंबे बयान में रोनाल्डो ने अपने कैंप छोड़ने के कारणों का खुलासा किया और कोच जॉर्ज जेसुस पर वादे तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया। रोनाल्डो का दावा था कि उन्हें सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर उतारने का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने वॉर्म-अप भी शुरू कर दिया था, लेकिन कोच ने आखिरी वक्त पर अपना फैसला बदल दिया। इसी तीखे मनमुटाव के चलते उन्होंने यह बड़ा कदम उठाया है।

रोनाल्डो (फाइल फोटो) - फोटो : ANI
सोशल मीडिया पर वीडिया साझा कर की पुष्टि 
पांच बार के बैलन डी'ऑर विजेता क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने के फैसले की पुष्टि की। रोनाल्डो ने पुर्तगाल को यूरो 2016 में खिताबी जीत दिलाई और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वकालिक सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी तथा सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी के रूप में अपना सफर समाप्त किया, जिसमें उन्होंने 234 मैचों में 146 गोल दागे।

भावुक कर देने वाले वीडियो में क्या बोले रोनाल्डो?
41 वर्षीय रोनाल्डो ने घोषणा की है कि अब समय आ गया है कि वह नंबर 7 की जर्सी वापस सौंप दें। पुर्तगाल के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने वीडियो में कहा, पुर्तगाल के लोगों के लिए। वह दिन आ गया है जब मैं अपनी राष्ट्रीय टीम की नंबर 7 जर्सी वापस सौंप रहा हूं। मुझे कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि यह सिर्फ मेरी थी। लेकिन 23 साल तक, इसे पहनने, इसकी रक्षा करने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ ले जाने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मेरे पास रही।



'गोल, रिकॉर्ड और ट्रॉफियां नहीं, मुझे लोग याद आते हैं'
रोनाल्डो ने कहा कि राष्ट्रीय टीम से विदाई का फैसला लेना उनके लिए आसान नहीं था। अगस्त 2003 में शुरू हुआ उनका अंतरराष्ट्रीय सफर उनकी जिंदगी बदलने वाला साबित हुआ। उन्होंने कहा, 'यह फैसला लेना आसान नहीं था, क्योंकि कुछ फैसले सिर्फ दिमाग से नहीं लिए जाते, उनमें दिल की आवाज भी शामिल होती है। अगस्त 2003 में शुरू हुआ मेरा सफर, जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी, अब खत्म हो गया है। जब मैं राष्ट्रीय टीम के साथ बिताए पलों को याद करता हूं तो मुझे सिर्फ मैच, गोल, रिकॉर्ड या ट्रॉफियां नजर नहीं आतीं। मुझे लोग याद आते हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'मुझे विदेशों में रहने वाले पुर्तगाली लोग याद आते हैं, जिन्हें 90 मिनट के खेल के दौरान ऐसा महसूस होता था जैसे वे अपने घर के थोड़ा और करीब आ गए हों। मुझे पुर्तगाल के वे लाखों लोग याद आते हैं, जिनसे मैं कभी मिला भी नहीं, लेकिन वे मेरी जिंदगी का हिस्सा बन गए। क्योंकि आखिर में फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं है। फुटबॉल लोगों से जुड़ने का नाम है।'



'मैंने हमेशा अपनी सीमाओं से आगे बढ़कर प्रदर्शन करने की कोशिश की'
पुर्तगाल के इस दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि राष्ट्रीय टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने हमेशा खुद से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रखी। उनका लक्ष्य टीम को जीत दिलाने के साथ इतिहास रचना भी रहा। रोनाल्डो ने कहा, 'राष्ट्रीय टीम के साथ अपने पूरे करियर में मैंने हमेशा अपनी सीमाओं से आगे बढ़कर प्रदर्शन करने की कोशिश की। मैं जीतना चाहता था, बेहतर बनना चाहता था और इतिहास रचना चाहता था। मैंने हमेशा खुद से सबसे ज्यादा उम्मीद रखी। मैं हमेशा कुछ और हासिल करना चाहता था। मुझे भरोसा था कि हम और आगे जा सकते हैं। मैंने इस जर्सी के लिए अपना सबकुछ दे दिया। कुछ जीत ऐसी थीं, जिन्हें मैं जिंदगीभर नहीं भूल सकता। वहीं कुछ हार ऐसी भी थीं, जिन्हें याद करने पर आज भी दर्द होता है।'

'गलतियां हुईं, तकलीफें झेलीं, लेकिन कभी हार नहीं मानी'
रोनाल्डो ने अपने विदाई संदेश में मुश्किल दौर और उन पलों का भी जिक्र किया, जब वह प्रशंसकों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और पुर्तगाल के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, 'मुझसे गलतियां भी हुईं, मैंने तकलीफें भी झेलीं। कई बार ऐसा भी हुआ, जब मैं पुर्तगाल के लोगों को वह खुशी नहीं दे पाया, जिसकी उन्हें मुझसे उम्मीद थी। लेकिन मैंने कभी हार नहीं मानी। आज राष्ट्रीय टीम के साथ मैदान पर मेरा सफर खत्म हो रहा है। मैं सिर ऊंचा करके जा रहा हूं। मुझे अपने इस सफर पर गर्व है और इस बात का सुकून भी है कि मैंने पुर्तगाल के लिए अपना सबकुछ दिया।'
 

रोनाल्डो - फोटो : IANS
कितनी बार विश्व कप में लिया हिस्सा? 
रोनाल्डो दो दशकों से अधिक समय तक पुर्तगाल की टीम के मुख्य आधार रहे, जिन्होंने टीम को यूरो 2016 का खिताब और दो यूईएफए नेशंस लीग के ताज जिताए। उन्होंने छह विश्व कप में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया,और उनका आखिरी अभियान इस साल फीफा विश्व कप में स्पेन के खिलाफ राउंड ऑफ 16 में 1-0 की हार के साथ समाप्त हुआ था। रोनाल्डो के नाम टूर्नामेंट के छह अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी होने का गौरव भी है। हालांकि, उनके शानदार व्यक्तिगत रिकॉर्ड और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबी पारी के बावजूद, विश्व कप का वह एक ऐसा खिताब रहा जो हमेशा उनकी पहुंच से दूर ही रहा।

अपने करियर को लेकर रोनाल्डो ने स्वीकार किया कि अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्रा को समाप्त करने का निर्णय लेना आसान नहीं था। पुर्तगाल के इस दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि अब अगली पीढ़ी को कमान सौंपने का समय आ गया है। उन्होंने आगे कहा, आज इसे भविष्य की पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है। यह निर्णय आसान नहीं था। क्योंकि कुछ फैसले केवल दिमाग से नहीं लिए जाते। वे दिल से भी लिए जाते हैं। अगस्त 2003 में शुरू हुआ और मेरे जीवन को हमेशा के लिए बदल देने वाला यह सफर अब समाप्त हो गया है।
विज्ञापन

रोनाल्डो - फोटो : Twitter
रोनाल्डो का करियर
रोनाल्डो ने 2003 में पुर्तगाल के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उस समय उनकी उम्र महज 18 साल थी। देखते ही देखते वह टीम के सबसे अहम खिलाड़ी बन गए और बाद में उन्होंने पुर्तगाल की कप्तानी भी की। रोनाल्डो ने अपने करियर में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए जिन्हें तोड़ना मुश्किल है। रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए 234 मैचों में 146 गोल किए। उनके नाम छह फीफा विश्व कप खेलने का रिकॉर्ड भी है। रोनाल्डो ने 2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026 फीफा विश्व कप में हिस्सा लिया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें