भारत में नोटबंदी के बाद आए दिन बरामद हो रहे कालेधन के बीच फुटबॉल के स्टार खिलाड़ी रोनाल्डो के पास से भी बड़ी मात्रा में कालेधन के बरामद होने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुर्तगाल के इस स्टार के पास से 203 मिलियन यूरो यानी लगभग 1450 करोड़ रुपये की अघोषित आय निकली है। रोनाल्डो के टैक्स रिर्टन की कॉपी हाथ लगने के बाद यह रिपोर्ट सामने आई है। इसका सीधा मतलब टैक्स चोरी से लगाया जा रहा है।
रोनाल्डो ने टैक्स बचाने के लिए स्विस के 22 खातों में 20 मिलियन यूरो यानी 143 करोड़ रुपए जमा कराए। हालांकि रोनाल्डो ने कर चोरी की बात से इनकार किया है और खुद को बचाने के लिए इससे भी बड़ा खुलासा कर दिया। रोनाल्डो ने बताया कि उन्होंने 203 मिलियन यूरो यानी 1450 करोड़ रुपये एक कंपनी में लगाए हैं। इसके बाद स्पेन की जांच एजेंसियां इसकी छानबीन करने में जुट गई हैं। गौरतलब है कि रोनाल्डो की गिनती दुनिया के महंगे खिलाड़ियों में होती है। उनकी कमाई का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अकेले नाईकी कंपनी उन्हें सालाना 140 करोड़ रुपये देती है।