लुईस सुआरेज को पेनाल्टी पर गोल से चूकना महंगा पड़ा। नतीजा 15 बार की रिकॉर्ड चैंपियन उरुग्वे को कोपा अमेरिका कप के क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर होना पड़ा। उरुग्वे को पेरू के हाथों पेनाल्टी शूटआउट में 4-5 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में अब पेरू का सामना पिछली दो बार की लगातार चैंपियन चिली से होगा। चार साल बाद दोनों टीमों कोपा अमेरिका के अंतिम चार में आमने-सामने होंगी।
2015 में चिली ने पेरू को पराजित किया था। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। उरुग्वे मौजूदा टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पेनाल्टी शूटआउट में बाहर होने वाली तीसरी टीम बनी। इससे पहले ब्राजील ने पराग्वे और चिली ने कोलंबिया को पेनाल्टी शूटआउट में आउट किया।
पेरू के लिए पाओलो गुरेरो, राउल रुइडियाज, योशिमार योतुन, लुइस एडविनकुला और एडिसन फ्लोरेस ने गोल किए। वहीं, सुआरेज के चूकने के बाद उरुग्वे के लिए एडिंसन कवानी, क्रिस्टियन स्टुआनी, रोड्रिगो बेंतांकुर और लुकास पास्कुआ ने गोल किए।