भारत में आईपीएल की अपार सफलता को देखते हुए अन्य खेलों के नियंता आईपीएल के फॉर्मूले को अपनाने में लगे हैं। अब फुटबॉल भी देश में प्रीमियर लीग कराने की तैयारी में जुट गया है।
आईपीएल की तर्ज पर शुरू हो रहे इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) के लिए पिछले महीने नई दिल्ली में बोली लगी थी जिसमें साइना नेहवाल और वर्ल्ड नंबर लुई चोंग वेई जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को खरीदा गया था।
इसी तरह अब ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) ने गुरुवार को आईपीएल की तर्ज पर फुटबॉल लीग कराने की योजना को मंजूरी दे दी है। एआईएफएफ की कार्यकारी कमेटी अपने कमर्शियल पार्टनर आईएजी-रिलायंस के साथ अगले साल यह लीग कराएगी।
एआईएफएफ अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा, ‘आईएजी-रिलायंस ने इस प्रस्तावित लीग के लिए विस्तार से एक प्रेजेंटेशन दिया। आई-लीग भारतीय फुटबॉल को जीवित रखेगी जबकि यह शॉर्ट लीग भारतीय फुटबॉल के लिए बूस्टर साबित होगी।’
उन्होंने कहा, ‘इस टूर्नामेंट के जरिए हम भारतीय फुटबॉल को प्रसिद्ध होते हुए देख रहे हैं और यह खेल लोगों तक पहुंचेगा। आई-लीग और इस टूर्नामेंट को लोग हाथों-हाथ लेंगे।’
साथ ही पटेल ने कहा कि इस लीग में पूरी दुनिया से खिलाड़ी भाग लेंगे जिनके पास अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों का अनुभव होगा। यह टूर्नामेंट भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का संयोजन होगा।