फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नेमार की वापसी को लेकर उठे सवाल: ब्राजील के राष्ट्रपति ने कसा तंज; कोच ने बताया-कब मैदान पर दिखेगा यह फुटबॉलर

Sat, 20 Jun 2026 02:09 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

फीफा विश्वकप 2026 में ब्राजील को बड़ी राहत मिली है। स्टार फुटबॉलर नेमार स्कॉटलैंड के खिलाफ होने वाले ग्रुप-सी मुकाबले में वापसी के लिए तैयार हैं। कोच कार्लो एंसेलोटी ने उनकी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है। हालांकि उनकी चोट और शुरुआती दो मैचों में गैरमौजूदगी को लेकर बहस भी तेज हो गई है। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने मजाक में कहा कि नेमार रिमोट वर्क करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर हैं। इस बयान के बाद टीम चयन और नेमार की फिटनेस पर चर्चा और बढ़ गई है।
विज्ञापन
नेमार - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्वकप 2026 में ब्राजील को आखिरकार वह खबर मिल गई है जिसका उसके प्रशंसक इंतजार कर रहे थे। स्टार फॉरवर्ड नेमार स्कॉटलैंड के खिलाफ होने वाले ग्रुप-सी मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि नेमार की वापसी की खबर के साथ उनकी फिटनेस और टीम में जगह को लेकर विवाद भी चर्चा में बना हुआ है।

विज्ञापन


34 वर्षीय नेमार पिंडली की चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती दोनों मुकाबलों में नहीं खेल सके थे। उनकी गैरमौजूदगी में ब्राजील ने पहले मोरक्को के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला और फिर हैती को 3-0 से हराकर नॉकआउट की उम्मीदों को मजबूत किया।

एंसेलोटी ने की वापसी की पुष्टि
ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने बताया कि नेमार अब रिकवरी के अंतिम चरण में हैं और स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। एंसेलोटी ने कहा, 'नेमार शनिवार को अकेले और सोमवार को टीम के साथ ट्रेनिंग करेंगे। वह स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।' विश्वकप टीम में शामिल होने के बाद से नेमार ने अभी तक टीम के साथ पूरा ट्रेनिंग सत्र नहीं किया है। वह मेडिकल स्टाफ की निगरानी में विशेष रिकवरी और रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम का पालन कर रहे थे।

राष्ट्रपति के बयान ने छेड़ी नई बहस
नेमार की गैरमौजूदगी को लेकर ब्राजील में लगातार चर्चा हो रही है। इसी बीच ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने एक कार्यक्रम में मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। राष्ट्रपति ने कहा, 'नेमार तो खेल भी नहीं रहे हैं। वह दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें रिमोट वर्क के लिए बुलाया गया है।' यह बयान तेजी से वायरल हो गया और इसके बाद यह सवाल फिर उठने लगा कि क्या पूरी तरह फिट न होने के बावजूद नेमार को विश्वकप टीम में शामिल करना सही फैसला था।

आलोचना के बावजूद कोच का भरोसा कायम
कुछ आलोचकों का मानना है कि ब्राजील किसी फिट खिलाड़ी को मौका दे सकता था, लेकिन एंसेलोटी अपने फैसले पर कायम हैं। उनका मानना है कि नेमार सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं बल्कि टीम के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली चेहरों में से एक हैं। ब्राजील के कोच और टीम प्रबंधन को भरोसा है कि नॉकआउट चरण में नेमार का अनुभव टीम के लिए बड़ा अंतर पैदा कर सकता है।

रापिन्हा की चोट से बढ़ी चिंता
नेमार की वापसी ऐसे समय में हो रही है जब ब्राजील के लिए एक नई चिंता सामने आई है। बार्सिलोना के स्टार विंगर रापिन्हा हैती के खिलाफ मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट की आशंका के कारण मैदान छोड़कर बाहर चले गए। एंसेलोटी ने कहा, 'हमें उनकी जांच करनी होगी। हमें अभी तक पता नहीं चल सका है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है।' अगर रापिन्हा अगले मैच के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो नेमार की वापसी ब्राजील के आक्रमण को नई मजबूती दे सकती है।
विज्ञापन

ब्राजील की उम्मीदों का केंद्र
नेमार ब्राजील के इतिहास में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उनके नाम 79 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं और वह इस मामले में महान पेले को भी पीछे छोड़ चुके हैं। यह उनका चौथा विश्वकप है। 2014, 2018 और 2022 के बाद अब वह 2026 विश्वकप में भी ब्राजील को खिताब दिलाने का सपना लेकर उतरे हैं। स्कॉटलैंड के खिलाफ संभावित वापसी के साथ ब्राजील को उम्मीद होगी कि उसका सबसे बड़ा सितारा एक बार फिर मैदान पर अपनी चमक बिखेरेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें