नेरोका एफसी ने एक रोमांचक मैच में सोमवार को शीर्ष पर चल रहे चेन्नई सिटी एफसी को 3-3 से बराबरी पर रोककर आईलीग फुटबॉल टूर्नामेंट में खिताब की दौड़ को खुला रखा। चेन्नई सिटी एफसी की तरफ से पेड्रो मांझी (34वें मिनट, 41वें मिनट और 45+1 मिनट) में गोल करके हैट्रिक बनाई।
नेरोका एफसी ने दूसरे हाफ में अच्छी वापसी की। उसके लिए फेलिक्स ने 52वें मिनट में पहला गोल दागा। चेंचो ने 68वें मिनट में दूसरा गोल किया जबकि आर्यन विलियम्स ने इंजरी टाइम केपहले मिनट में तीसरा गोल करके मैच को ड्रॉ कराया।
इस मैच में ड्रॉ खेलने के बावजूद चेन्नई सिटी अब भी 16 मैचों में 34 अंक लेकर शीर्ष पर है। वह रियल कश्मीर एफसी (16 मैचों में 32 अंक) से दो अंक आगे हैं। नेरोका एफसी के 17 मैचों में 26 अंक हैं और वह पांचवें स्थान पर है।