फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mexico vs Ecuador: 40 साल में पहली बार नॉकआउट मैच जीता मेक्सिको, इक्वाडोर को किया बाहर; राउल और क्विनोनेस चमके

Wed, 01 Jul 2026 09:48 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मैक्सिको सिटी

सार

Mexico vs Ecuador FIFA World Cup Match 2026: मेजबान मेक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 में इक्वाडोर को 2-0 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज के पहले हाफ के गोल टीम की जीत की नींव बने। मेक्सिको ने लगातार चौथे मैच में क्लीन शीट रखते हुए 1986 के बाद पहली बार विश्व कप नॉकआउट मुकाबला जीतकर 40 साल का सूखा भी खत्म कर दिया।
विज्ञापन
क्विनोनेस और राउल जिमिनेज - फोटो : FIFA.COM
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेजबान मेक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में इक्वाडोर को 2-0 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम ने पहले हाफ में ही दोनों गोल दागकर जीत की मजबूत नींव रख दी। जूलियन क्विनोनेस ने 22वें मिनट में खाता खोला, जबकि राउल जिमेनेज ने 31वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी।
विज्ञापन

 
Trending Videos

40 साल बाद खत्म हुआ नॉकआउट जीत का सूखा
मेक्सिको ने आखिरकार 40 साल से चला आ रहा फीफा विश्व कप नॉकआउट जीत का सूखा खत्म कर दिया। टीम पहली बार 1986 के बाद विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में जीत दर्ज की। आखिरी बार मेक्सिको ने 1986 विश्व कप में बुल्गारिया को 2-0 से हराकर नॉकआउट मैच जीता था। संयोग से वह मुकाबला भी मेक्सिको सिटी स्टेडियम में ही खेला गया था और मौजूदा कोच जावियर एगिरे उस समय टीम के मिडफील्डर थे। इसके बाद 1994, 2002, 2006, 2010, 2014, 2018 और 2022 विश्व कप में मेक्सिको हर बार नॉकआउट चरण से बाहर हो गया था।

अब 2026 में घरेलू सरजमीं पर टीम ने आखिरकार उस लंबे इंतजार को खत्म कर दिया है। इक्वाडोर पर मिली इस जीत के साथ मेक्सिको ने न सिर्फ राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई, बल्कि चार दशक पुराने नॉकआउट जीत के सूखे का भी अंत कर दिया। अब उसका अगला मुकाबला इंग्लैंड और डीआर कांगो के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। इंग्लैंड-कांगो के बीच मैच शुक्रवार को अटलांटा स्टेडियम में खेला जाएगा।

पहले और दूसरे हाफ का खेल
 
  • मेक्सिको और इक्वाडोर के बीच मुकाबले की शुरुआत खराब मौसम की वजह से देरी से हुई थी। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े छह बजे शुरू होना था, लेकिन साढ़े सात बजे शुरू हुआ। 
  • घरेलू दर्शकों के शानदार समर्थन के बीच मेक्सिको ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। लगातार दबाव का फायदा 22वें मिनट में मिला, जब जूलियन क्विनोनेस ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
  • इसके सिर्फ नौ मिनट बाद राउल जिमेनेज ने दूसरा गोल दागकर इक्वाडोर की मुश्किलें और बढ़ा दीं। राउल जिमेनेज ने विश्व कप 2026 में अपना दूसरा और मेक्सिको के लिए कुल 47वां अंतरराष्ट्रीय गोल दागा। उनसे आगे अब सिर्फ जेवियर 'चिचारितो' हर्नांडेज हैं, जिनके नाम मेक्सिको के लिए सर्वाधिक 52 गोल दर्ज हैं।
  • दूसरे हाफ में इक्वाडोर ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा और वापसी की कोशिश की, लेकिन मेक्सिको की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसकी एक नहीं चली।
  • मेजबान टीम ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार चौथे मैच में क्लीन शीट रखते हुए यह साबित कर दिया कि उसकी सबसे बड़ी ताकत मजबूत डिफेंस है।

इक्वाडोर 10 खिलाड़ियों तक सिमटा
मुकाबले के इंजरी टाइम में इक्वाडोर की मुश्किलें और बढ़ गईं। डिफेंडर पिएरो हिंकापिए को विरोधी खिलाड़ी से बहस के दौरान मुंह ढकने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया, जिसके बाद इक्वाडोर को आखिरी मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने पड़े। 
विज्ञापन

इक्वाडोर को लौटना पड़ेगा घर
इक्वाडोर ने पहली बार 2006 विश्व कप में नॉकआउट चरण में जगह बनाई थी, जहां मेजबान जर्मनी ने उसे राउंड ऑफ 16 में बाहर कर दिया था। करीब 20 साल बाद टीम एक और मेजबान देश मेक्सिको के खिलाफ नॉकआउट मैच खेलने उतरी थी। हालांकि, अब उन्हें वापस घर लौटना पड़ेगा। दूसरी ओर, मेक्सिको शानदार फॉर्म में है। टीम ने ग्रुप स्टेज के तीनों मैच जीतकर पूरे अंक हासिल किए और छह गोल किए थे, जबकि एक भी गोल नहीं खाया। अब राउंड ऑफ 32 में भी शानदार फॉर्म जारी रखा। घरेलू फैंस का जबरदस्त समर्थन टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें