मौरो इकार्डी (29वें मिनट) और थिलो केहर (57वें मिनट) के दम पर पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने नेंटस को फ्रेंच लीग वन में 2-1 से शिकस्त देकर शीर्ष पर 15 अंकों के साथ अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। पीएसजी की टीम अब तक इस सत्र में 100 गोल दाग चुकी है। पीएसजी के 23 मैचों में 19 जीत से 58 अंक हो गए हैं।
मार्सिले की टीम 22 मैचों में 12 जीत से 43 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। मौजूदा चैंपियन पीएसजी की यह पिछले 11 लीग मैचों में दसवीं जीत है। उसने अपना पिछला मैच एक नवंबर को डिजोन के खिलाफ गंवाया था। पीएसजी के स्टार खिलाड़ी नेमार इस मैच में नहीं खेले। नेंटस के लिए मैच का एकमात्र गोल मोसेस साइमन ने 68वें मिनट में किया।