ब्राजील में चल रहे फीफा विश्व कप पर भी मैच फिक्सिंग का साया मंडराने लगा है। विश्व कप के दौरान जानबूझकर हारने के आरोपों के मद्देनजर अफ्रीकी देश कैमरून ने अपने ही सात खिलाड़ियों के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए हैं।
माना जा रहा है कि ग्रुप ए में कैमरून के खिलाड़ियों ने धोखाधड़ी की थी। खासतौर से क्रोएशिया के खिलाफ मिली 0-4 से हार इसी का परिणाम है।
ये आरोप इसलिए भी गंभीर हो जाते हैं क्योंकि मैच फिक्सिंग के लिए कुख्यात और सजा काटने वाले विल्सन राज पेरूमल ने एक जर्मन मैगजीन डेर स्पीगेल के लिए कैमरून के सभी मैचों में हार की सटीक भविष्यवाणी की थी।
यही नहीं, उसने कहा था कि क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले में कैमरून के एक खिलाड़ी को बाहर कर दिया जाएगा और यह भी सही साबित हुआ।
दस खिलाड़ियों के साथ खेली कैमरून की टीम
कैमरून के मिडफील्डर एलेक्स सांग ने हाफटाइम से पहले ही क्रोएशिया के मारिया मेंजुकिक को कोहनी मार दी, जिसके बाद रेफरी ने उन्हें बाहर कर दिया और कैमरून को दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
इसी मैच में बेनोएट असोऊ-इकोतो ने अपनी ही टीम के खिलाड़ी बेंजामिन मोकांजो को सिर से मारने का प्रयास किया था। कैमरून के फुटबॉल संघ फेकाफुट ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आचार समिति को जांच का जिम्मा सौंप दिया है।
संघ के अध्यक्ष जोसेफ ओवोना ने एक बयान में कहा, ‘विश्व कप 2014 के तीन मैचों में धोखाधड़ी के आरोपों और हमारी टीम में सात भ्रष्ट खिलाड़ियों की मौजूदगी हमारे प्रशासन के मूल्यों व नियमों के साथ मेल नहीं खाती है। हम लोगों को बताना चाहते हैं कि फीफा ने हमसे इस संबंध में संपर्क नहीं किया है, लेकिन हमने जांच के आदेश दे दिए हैं।’
विवादों में अफ्रीकी टीमें
मौजूदा विश्व कप में सिर्फ कैमरून ही नहीं बल्कि घाना व नाइजीरिया जैसी अन्य अफ्रीकी टीमें भी गलत कारणों से सुर्खियों में रही हैं। ब्राजील में पैसों को लेकर ये दोनों टीमें विवाद में फंस चुकी हैं।
टूर्नामेंट से बाहर होने से पहले घाना अपने दो खिलाड़ियों को अनुशासनात्मक कार्रवाई के चलते घर वापस भेज चुकी है। सुले मुंतारी ने एक अधिकारी पर हमला किया था जबकि केविन-प्रिंस बाओटेंग ने कथित तौर पर कोच के साथ गाली गलौच की।
क्या है मामला
मैच फिक्सर विल्सन राज पेरूमल ने एक मैगजीन के लिए पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि कैमरून क्रोएशिया के खिलाफ 0-4 से हारेगा। हुआ भी ऐसा ही। यही नहीं उसने कहा था कि उनके एक खिलाड़ी को बाहर कर दिया जाएगा। कैमरून के मिडफील्डर एलेक्स सांग को विपक्षी टीम के खिलाड़ी को कोहनी मारने की वजह से हाफटाइम से पहले ही बाहर कर दिया।
कौन है पेरूमल
विल्सन राज पेरूमल मूल रूप से सिंगापुर का रहने वाला है। उस पर फुटबॉल मैचों में मैच फिक्सिंग के कई आरोप हैं और कई बार जेल जा चुका है। 2011 में उसे फिक्सिंग के चलते दो साल की सजा हुई थी।
विल्सन 2010 के फीफा विश्व कप के अलावा 1996 व 2008 के ओलंपिक में भी फिक्सिंग का दावा कर चुका है। उसने खुलासा किया था 2010 के विश्व कप में कई सारी टीमें वार्म अप मैचों में फिक्सिंग में शामिल थीं।