सुनील छेत्री के दबदबे को खत्म करते हुए लिंगदोह ने भारत से सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर का तमगा अपने नाम कर लिया है।
भारत के अंतरराष्ट्रीय मिडफील्डर युजेंसन लिंगदोह को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना है जबकि महिला वर्ग में बेहतरीन फॉर्म में चल रहीं स्ट्राइकर बाला देवी को इस सम्मान से सम्मानित किया गया है।
लिंगदोह ने 2 साल से इस पुरस्कार पर कब्जा जमाए रखने वाले भारतीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री को पीछे छोड़ा। वह पिछले 2 साल से देश के बेस्ट फुटबॉलर बने हुए थे। दूसरी ओर, बाला देवी ने लगातार दूसरी बार यह सम्मान हासिल किया है।
एआईएफएफ ने रविवार को मडगांव में आयोजित वार्षिक आम बैठक में इसकी घोषणा की। आई-लीग क्लबों के कोचों के मतों के आधार पर लिंगदोह को भारतीय फुटबॉल में साल का सबसे अच्छा खिलाड़ी चुना गया।
उन्हें पुरस्कार स्वरूप दो लाख रुपये और एक ट्रॉफी दी जाएगी। 25 वर्षीया बाला देवी को एक लाख रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी।
प्रीतम कोटाल को वर्ष का इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया।