लिवरपूल बनाम मैनचेस्टर यूनाइटेड
- फोटो : सोशल मीडिया
लिवरपूल ने इंग्लिश प्रीमियर लीग में मैनचेस्टर यूनाइटेड को 7-0 से हराकर स्वप्निल जीत हासिल की। मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए यह हार नए मैनेजर एरिक टेन हैग के लिए एक बड़ा दुस्वप्न रही। यह 90 वर्षां में यूनाइटेड की सबसे करारी हार है। इससे पहले वह तीन बार इसी अंतराल से पराजित हो चुकी है। पिछली बार ऐसा 1931 में हुआ था। तब वूल्व्स के खिलाफ उसे 0-7 की हार मिली थी। दूसरी ओर, लिवरपूल के लिए यह यूनाइटेड के खिलाफ 1895 में मिली 7-1 की जीत के बाद मिली इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मिली सबसे बड़ी जीत है। लिवरपूल के लिए कोडी गाकपो (43, 50वां मिनट), डेनविन नुनेज (47, 75), मोहम्मद सालाह (66, 83) और राबर्टो फिरमिनो (88वां मिनट) ने गोल किए।
पिछले हफ्ते लीग कप जीतने वाली मैनचेस्टर यूनाइटेड तीसरे स्थान पर चल रही है और शीर्ष पर चल रही आर्सेनल से 14 अंक पीछे है। चौथे स्थान पर मौजूद टोटेनहैम उससे तीन अंक ही पीछे है। यूनाइटेड को ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ 0-4 और मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ 3-6 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि अभी टेन हैग की टीम एफए कप और यूरोपा लीग की रेस में बनी हुई है।
सालाह के लिवरपूल के लिए सर्वाधिक 129 गोल
लिवरपूल के स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सालाह इस मैच में क्लब के 205 मैचों में 129 गोल हो गए। वह इंग्लिश प्रीमियर लीग में लिवरपूल के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हो गए। मिस्र के फुटबॉलर ने अपने दूसरे गोल के साथ रोबी फोवलर को पीछे छोड़ा। सालाह ने कहा कि यह मेरे लिए बेहद खास उपलब्धि है। जब से मैं लिवरपूल में आया हूं, तब से मेरे दिमाग में यह लक्ष्य था। इससे पहले सालाह इयान रश के बाद लिवरपूल के ऐसे दूसरे फुटबालर बने जिन्होंने लगातार छठे सत्र में बीस से ज्यादा गोल किए।
मैच के बाद लिवरपूल के कोच जॉर्गन क्लोप ने कहा- कुछ महीने पहले हम खराब दौर से गुजर रहे थे। तब टीमें लिवरपूल के खिलाफ मुकाबले को आसानी से लेती थी लेकिन अब हम उस अंदाज में खेल रहे हैं, जिसके लिए हम जाने जाते हैं। वहीं, मैनचेस्टर यूनाइटेड के कोच एरिक टेन हेग ने कहा- यह बहुत ही गैर-पेशेवर तरीका है। मैं इस हार से बेहद निराश हूं। हमने अपने समर्थकों को लज्जित किया है।