कर चोरी का आरोप झेल रहे बार्सिलोना के दिग्गज स्ट्राइकर लियोनल मेसी हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद करीब दो से तीन सप्ताह तक नहीं खेल सकेंगे।
चार बार वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर से नवाजे जा चुके अर्जेंटीना के मेसी को शनिवार को ला लीगा टूर्नामेंट में अल्मेरिया के खिलाफ खेलते हुए चोट लग गई थी।
इस मैच में मैसी ने 21वें मिनट में गोल दागा जो उनके इस टूर्नामेंट का आठवां गोल था। इस मैच में बार्सिलोना ने 2-0 से जीत दर्ज की थी।
टैक्स चोरी का आरोप
पिछले हफ्ते लियोनल मेसी पर टैक्स चोरी का दाग लगा है। मेसी पर 2006 से 2009 तक करीब 50 लाख यूरो की टैक्स चोरी का आरोप है।
अदालत ने मेसी और उनके पिता जार्ज मेसी को पेश होने के लिए कहा है। मेसी के खिलाफ यह मामला जून में शुरू हुआ था। सरकारी वकील का आरोप है कि मेसी ने अपने ‘इमेज राइट’ से 2006 से 2009 के बीच काफी कमाई की थी। मेसी और उनके पिता को इन आरोपों के तहत जेल जाना पड़ सकता है।