फैंस का आरोप है कि न सिर्फ मैदान में, बल्कि स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर भी मेसी की साफ तस्वीर नहीं दिखाई गई। सुबह से इंतजार कर रहे दर्शक खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगे। धीरे-धीरे 'वी वांट मेसी' के नारे पूरे स्टेडियम में गूंजने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के तुरंत बाद स्टेडियम के अंदर के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। टूटे बैनर, गुस्साए फैंस और अव्यवस्था की तस्वीरें उस उत्सव के बिल्कुल उलट थीं, जिसकी उम्मीद मेसी के आगमन से की जा रही थी।
वायरल पोस्ट में दिख रही महिला का टीएमसी से है कनेकशन?
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में दिख रही ये महिला सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक राज चक्रवर्ती की पत्नी सुभाश्री गांगुली हैं। सुभाश्री मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान कार्यक्रम में मौजूद थीं और उन्होंने उनके साथ तस्वीर ली। एक तरफ जहां सुभाश्री की तस्वीर देखकर लोगों के मन में यह सवाल उठा की ये कौन हैं जो मेसी के बगल में खड़ी है, वहीं, कुछ लोगों ने वीवीआईपी कल्चर को लेकर इसका विरोध भी किया। सुभाश्री ने स्वंय अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीरें शेयर की हैं और वहां के लोगों को सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह मेसी के कार्यक्रम में बांग्ला फिल्म बिरादरी का प्रतिनिधित्व कर रही थीं।