लियोनल मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनकी लोकप्रियता और बाजार कीमत आज भी सबसे अलग है। इंटर मियामी के साथ नए कॉन्ट्रैक्ट के बाद मेसी की सैलरी में बड़ा इजाफा हुआ है। मेजर लीग सॉकर प्लेयर्स एसोसिएशन के मुताबिक, मेसी को 25 मिलियन डॉलर बेस सैलरी और कुल 28.33 मिलियन डॉलर (करीब 267 करोड़ रुपये) गारंटीड कॉम्पनसेशन मिलेगा। यह रकम लीग के किसी भी अन्य खिलाड़ी से दोगुने से ज्यादा है।
दूसरे नंबर पर सोन ह्युंग-मिन
सोन ह्युंग मिन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। लॉस एंजिलिस एफसी के लिए खेलने वाले सोन को 10.36 मिलियन डॉलर बेस सैलरी और 11.15 मिलियन डॉलर कुल भुगतान मिल रहा है। यानी मेसी उनसे भी काफी आगे हैं।
इंटर मियामी का खर्च सबसे ज्यादा
मेसी के आने के बाद इंटर मियामी का कुल पेरोल 54.6 मिलियन डॉलर पहुंच गया है। यह दूसरे नंबर की टीम एलएएफसी से 20 मिलियन डॉलर ज्यादा है। वहीं लीग की सबसे कम खर्च करने वाली टीम फिलेडेलफिया यूनियन है, जिसका पेरोल 11.7 मिलियन डॉलर है। यह आंकड़ा दिखाता है कि इंटर मियामी ने मेसी के इर्द-गिर्द मजबूत टीम बनाने में भारी निवेश किया है।
मेसी का प्रदर्शन भी शानदार
मेसी सिर्फ कमाई में ही नहीं, मैदान पर भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इंटर मियामी के लिए उन्होंने 64 नियमित सीजन मैचों में 59 गोल किए हैं। इस सीजन में अब तक 11 मैचों में नौ गोल कर चुके हैं। पिछले सीजन उन्होंने 29 गोल किए थे और लगातार दूसरी बार मोस्ट वैलुएबल प्लेयर का अवॉर्ड जीता था। मेसी ने पिछले साल टीम को पहला मेजर लीग सॉकर का खिताब भी दिलाया।
39 की उम्र में भी वर्ल्ड कप की तैयारी
अगले महीने 39 साल के होने जा रहे मेसी अभी भी अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के कप्तान हैं। वह अपने छठे वर्ल्ड कप में खेलने की तैयारी कर रहे हैं। 2022 विश्व कप जीतने के बाद भी उनकी फिटनेस और प्रदर्शन लगातार शानदार बना हुआ है।
मेजर लीग सॉकर में बाकी बड़े नाम
मेसी और सोन के बाद सबसे ज्यादा कमाई करने वालों में रोड्रिगो डी पॉल, मिगुएल अलमीरोन, हिरविंग लोजानो और थॉमस मूलर जैसे नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की कमाई भी करोड़ों डॉलर में है, लेकिन मेसी अब भी सबसे ऊपर हैं।