अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं और फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में हैं। मेसी के परिवार ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
जब मैदान पर भावुक हुए मेसी...
दरअसल, फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना के पहले मुकाबले के दौरान मेसी गोल करने के बाद भावुक होकर रोते नजर आए थे। मैच के बाद उन्होंने कहा था कि वह खेल से इतर कुछ निजी कारणों से कठिन दौर से गुजर रहे हैं। मेसी ने कहा, 'यह खेल से जुड़ी बात नहीं थी। पिछले कुछ दिन मेरे लिए काफी कठिन और जटिल रहे हैं। मैं पूरी टीम और अपने साथियों का आभारी हूं, जिन्होंने हर समय मेरा साथ दिया और मुझे हौसला दिया।'
मेसी
- फोटो : IANS
परिवार ने अफवाहों पर जताई नाराजगी
मेसी परिवार ने जारी बयान में कहा कि जॉर्ज मेसी फिलहाल स्वास्थ्य संबंधी समस्या से गुजर रहे हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। परिवार ने कहा, 'जॉर्ज मेसी एक स्वास्थ्य संबंधी स्थिति से गुजर रहे हैं। वह मेडिकल सुपरविजन में हैं और उनकी स्थिति में सकारात्मक सुधार हो रहा है।' साथ ही परिवार ने मीडिया और सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों एवं अफवाहों पर नाराजगी जताई। बयान में कहा गया कि कुछ लोगों ने इस निजी पारिवारिक मामले को लेकर संवेदनशीलता, सम्मान और गोपनीयता का ध्यान नहीं रखा।
केवल परिवार की जानकारी को ही मानें सही
परिवार ने स्पष्ट किया कि जॉर्ज मेसी की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी केवल उनके करीबी परिजनों के पास है। इसलिए परिवार या उसके आधिकारिक चैनलों के अलावा किसी अन्य स्रोत से आने वाली जानकारी को सही नहीं माना जाना चाहिए। बयान में कहा गया, 'किसी व्यक्ति का स्वास्थ्य और उसके परिवार की मानसिक शांति अटकलों या गैर-जिम्मेदाराना मीडिया कवरेज का विषय नहीं बनना चाहिए। हम सभी से जिम्मेदारी, संयम और मानवता दिखाने की अपील करते हैं।'
विश्व कप में मेसी ने रचा इतिहास
मेसी ने फीफा विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में हैट्रिक लगाकर नया इतिहास रचा। यह उनके करियर का पहला फीफा विश्व कप हैट्रिक था। इसके साथ ही उन्होंने विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 16 तक पहुंचा दी और जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके अलावा मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला। विश्व कप में अर्जेंटीना का अगला मुकाबला 22 जून को ऑस्ट्रिया के खिलाफ टेक्सास में खेला जाएगा।