लियोनल मेसी और किलियन एम्बाप्पे के आखिरी कुछ मिनटों में किए गए बेहतरीन गोल की बदौलत पीएसजी ने जीत हासिल की। इस जीत के साथ पीएसजी की टीम लीग-1 में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
फ्रांस की फुटबॉल लीग 'लीग-वन' में पेरिस सेंट जर्मेन ने रोमांचक मुकाबले में लॉस्क लिल को 4-3 से हरा दिया। लियोनल मेसी और किलियन एम्बाप्पे के आखिरी कुछ मिनटों में किए गए बेहतरीन गोल की बदौलत पीएसजी ने जीत हासिल की। इस जीत के साथ पीएसजी की टीम लीग-1 में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
विज्ञापन
हर तरह के कॉम्पिटीशन को मिलाकर लगातार तीन हार के बाद यह पीएसजी की पहली जीत है। मैच का पहला गोल एम्बाप्पे ने किया। उन्होंने 11वें मिनट में नेमार के पास पर गोल कर पीएसजी को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद नेमार ने 17वें मिनट में विटिन्हा के पास पर गोल दाग टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई।
दो गोल खाने के बाद लिल ने वापसी की और 24वें मिनट में बफोदे दियाकिटे और 58वें मिनट पर पेनल्टी पर जोनाथन डेविड ने गोल दाग स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। 69वें मिनट में जोनाथन बाम्बा ने गोल कर लिल को पीएसजी पर 3-2 की बढ़त दिला दी।
विज्ञापन
मुश्किल में दिख रही पीएसजी की टीम को एम्बाप्पे ने बचाया। उन्होंने 87वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। मैच में सात मिनट का इंजरी टाइम मिला। 90+5वें मिनट में लियोनल मेसी ने बॉक्स के बाहर से फ्री-किक पर गोल दाग पीएसजी को 4-3 से आगे कर दिया। यह गोल निर्णायक साबित हुआ और पीएसजी ने जीत हासिल की। यह लीग-वन में मेसी का 11वां गोल रहा।