फ्रांस के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एलेक्जेंद्र लाकाजेट के हैट्रिक गोल की बदौलत लियोन क्लब ने लीग 1 के तहत खेले गए मुकाबले में मोनाको को 6-1 से हराकर चैंपियंस लीग के अगले सीजन के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
इस जीत से लियोन के 37 मैचों में 65 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में पेरिस सेंट-जर्मेन पीएसजी (92) के बाद दूसरे स्थान पर है। मोनाको के 37 मैचों से 62 अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। लियोन की ओर से राचिड घेजल ने मैच के तीसरे मिनट में शानदार गोल कर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई।
इसके बाद लाकाजेट ने आठवें मिनट में गोल कर लियोन की बढ़त को दोगुना कर दिया। लियोन की ओर से मपोऊ यांगा-मबिवा ने 34वें मिनट में गोल कर बढ़त को 3-0 कर दिया। इसके ठीक एक मिनट बाद लाकाजेट ने बेहतरीन गोल कर लियोन को 4-0 से आगे कर दिया।
मोनाको की ओर से रिकार्डो कार्वाल्हो ने 41वें मिनट में गोल किया वहीं मपोऊ ने 59वें मिनट में एक और गोल दागकर स्कोर 5-1 कर दिया। लाकाजेट ने अपना तीसरा गोल 80वें मिनट में दागा और लियोन को 6-1 से आगे कर दिया जो मैच के आखिर तक बरकरार रहा।