बार्सिलोना पर जीत के बाद रियल मैड्रिड
- फोटो : ट्विटर @realmadriden
स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में के अल क्लासिको मुकाबले में रियल मैड्रिड ने बार्सिलोना को 2-1 से हराया। इस जीत के साथ ही रियल मैड्रिड टूर्नामेंट के अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। बारिश के बीच हुए इस मुकाबले में जीत से रियल मैड्रिड के एटलेटिको मैड्रिड के समान 66 अंक हो गए हैं, लेकिन बेहतर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के कारण मैड्रिड की टीम शीर्ष पर है। एटलेटिको मैड्रिड के पास हालांकि रविवार को फिर शीर्ष पर पहुंचने का मौका होगा जब टीम छठे स्थान पर चल रहे रीयाल बेटिस से भिड़ेगी। रियाल मैड्रिड की ओर से करीम बेनजेमा और टोनी क्रूज ने गोल दागे जबकि बार्सिलोना की ओर से एकमात्र गोल आस्कर मिनगुएजा ने किया। अल्फ्रेडो डि स्टेफनो स्टेडियम में बार्सिलोना गैर घरेलू मैदान में अपना विजय अभियान जारी नहीं रख पाया।
मेसी का अंतिम अल क्लासिको
अल क्लासिको स्पेनिश भाषा का एक शब्द है, अंग्रेजी के क्लासिक शब्द की जगह इसका उपयोग होता है। ला लीगा यानी स्पेनिश फुटबॉल लीग में इसे बार्सिलोना और रियल मैड्रिड की भिड़ंत के लिए प्रयुक्त किया जाता है, लेकिन दोनों प्रतिद्वंद्वियों के बीच होने वाले मुकाबले को ही अल क्लासिको कहा जाने लगा है। यह अल क्लासिको भिड़ंत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही थी क्योंकि इसे मेसी का अंतिम अल क्लासिको मैच माना जा रहा है। उनका बार्सिलोना से अनुबंध इन गर्मियों में खत्म हो रहा है। अब 33 साल के हो चुके मेसी ने पिछली गर्मियों में क्लब छोड़ने की कोशिश की थी। उन्होंने दिसंबर में कहा था कि वह सीजन के अंत में निर्णय लेंगे कि भविष्य को लेकर उन्हें क्या फैसला करना है। उसके बाद क्लब के नए अध्यक्ष जोन लेपोर्टा आ चुके हैं। वह चाहते हैं कि मेसी बार्सिलोना से नया अनुबंध कर लें लेकिन मेसी ने अभी अपना मौन नहीं तोड़ा है।