स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी की गैरमौजूदगी के बावजूद बार्सिलोना ने ला लीगा में मलागा को 2-0 से पराजित कर इस सत्र में अपना विजय अभियान जारी रखा है। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने तालिका में 11 अंकों की बढ़त बना ली है और शीर्ष पर अपना स्थान और मजबूत कर लिया। 27 मैचों में 24 गोल कर चुके लीग के शीर्ष स्कोरर अर्जेंटीना के मेसी शनिवार को ही तीसरे बेटे के पिता बने जिसके चलते वह इस मैच से हट गए थे।
बार्सिलोना ने शुरू से लेकर अंत तक मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। मैच के दोनों ही गोल खेल के पहले तीस मिनट में हुए उसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मेसी की गैरमौजूदगी में बार्सिलोना को जीत दिलाने का जिम्मा लुईस सुआरेज पर था और उन्होंने इसे बखूबी निभाया। सुआरेज ने खेल के 15वें ही मिनट में हैडर से शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
इसके बाद भी बार्सिलोना ने हमले तेज रखे और 13 मिनट बाद एक और कामयाबी हासिल कर बढ़त 2-0 कर दी। इस बार फिलिप कोतिन्हो ने प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को चकमा देकर गेंद को जाल में अटका दिया। दूसरे हाफ में मलागा ने वापसी के लिए कई प्रयास किए पर बार्सिलोना ने उन्हें नाकाम कर दिया।
अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर चल रही मलागा की टीम ने लीग में आखिरी बार बासिलोना को आठ अप्रैल 2017 में पराजित किया था। अन्य मैचों में वेलेंसिया ने सेविला को 2-0 से और लेवांटे ने गेटाफे को 1-0 से शिकस्त दी।
दस खिलाड़ियों से खेली मलागा
दो गोल खाने के बाद खेल के 30वें मिनट में मलागा को एक और करारा झटका लगा जब सामू गार्सिया को प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाड़ी जोर्डी अल्बा से झड़प के लिए रेड कार्ड दिखा कर मैच से बाहर कर दिया। इससे मलागा को दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
चेल्सी से होगा बुधवार को बार्सा का सामना
बार्सिलोना अब बुधवार को चैंपियंस लीग के अंतिम-16 के दूसरे चरण में बुधवार को अपने घरेलू मैदान कैंप नाउ में चेल्सी से भिड़ेगी। दोनों के बीच पहले चरण का मुकाबला एक-एक से बराबरी पर छूटा था। बार्सिलोना को अपने मैदान पर जीत का दावेदार माना जा रहा है, लेकिन उसे चेल्सी से सतर्क रहना होगा, जिसने उसे कड़ी टक्कर दी थी।
::: नंबर गेम :::
-21वां गोल सुआरेज ने ला लीगा का दागा। वह लीग के शीर्ष गोल स्कोरर के मामले में मेसी (24) के बाद दूसरे नंबर पर हैं
-28 मैचों में 22वीं जीत है यह बार्सिलोना की इस सत्र में। उसके छह मैच ड्रॉ रहे हैं