वेल्स के स्टार गेरेथ बेल ने आखिरकार गोल का सूखा खत्म कर ही दिया। बेल के करीब 802 मिनट के लंबे अंतराल बाद दागे गए एकमात्र गोल के दम पर रियल मैड्रिड ने ला लीगा में हुइस्का को 1-0 से मात देकर तालिका में फिर से शीर्ष चार में जगह बना ली है।
बेल ने खेल के आठवें मिनट में ही गोल कर रियल मैड्रिडा को बढ़त दिला दी थी जोकि निर्णायक साबित हुई। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल के लिए कई प्रयास किए पर किसी को भी सफलता नहीं मिली। रियल की यह पिछले पांच मैचों में चौथी जीत है।
बार्सा से पांच अंक पीछे रियल
इस जीत से रियल के 15 मैचों में 26 अंक हो गए हैं जो अंकतालिका में शीर्ष पर चल रहे गत चैंपियन बार्सिलोना से पांच कम है। मेसी की टीम 31 अंकों के साथ पहले, सेविला दूसरे और एटलेटिको मैड्रिड तीसरे नंबर पर है।
सेविला और एटलेटिको के एक समान 28-28 अंक हैं पर गोल अंतर से सेविला आगे है। अन्य मैचों के रियल वल्लादोलिड ने रियल सोसिदाद को 2-1 से मात दी, जबकि ईबर ने लेवांटे से 4-4 से ड्रॉ खेला।
लुकास के गोल से जीता अर्सेनल
अर्सेनल ने लुकास टोरिएरा के गोल की बदौलत प्रीमियर लीग (ईपीएल) में हडर्सफील्ड टाउन एएफसी को 1-0 से पराजित किया। अर्सेनल के लिए उरुग्वे के खिलाड़ी लुकास ने अपने 83वें मिनट में गोल किया। लुकास का यह सत्र का दूसरा गोल है।
टीम ने इससे पहले मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ 2-2 का ड्रॉ खेला था। इस जीत के बाद अर्सेनल 34 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर आ गई है। हडर्सफील्ड टाउन की यह दसवीं हार है और वह दस अंकों के साथ 18वें नंबर पर है।