पीएसजी के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे ने चैंपियंस लीग में एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। वे अब चैंपियंस लीग के इतिहास में सबसे कम उम्र में 15 गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, इस मामले में उन्होंने मेसी को पीछे छोड़ दिया। 32 वर्षीय मेसी ने जहां 21 साल 289 दिन में यह उपलब्धि हासिल की थी वहीं एम्बाप्पे ने मात्र 20 साल 302 दिन में ही यह कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।
मंगलवार को खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में क्लब ब्रूज पर 5-0 से जीत के साथ किलियन एम्बाप्पे ने पेरिस सेंट-जर्मेन के लिए हैट्रिक बनाई।
मैच शुरू होने से पहले एम्बाप्पे को टीम में जगह नहीं मिली थी और फिर बाद में उन्हें 52वें मिनट में मैदान में उतरने का मौका मिला। इसके बाद एम्बाप्पे ने 61वें मिनट में पहला गोल किया, 63 वें मिनट में गोल के लिए पास दिया और फिर 79वें और 83वें मिनट में दो गोल दागकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर गए।
एम्बाप्पे चैंपियंस लीग के इतिहास में विकल्प के तौर पर उतरकर सबसे तेज हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।