इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तहत रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में केरला ब्लास्टर्स एफसी ने दिल्ली डायनामोज एफसी को 1-0 से हरा दिया।
मैच का एकमात्र गोल स्थानापन्न खिलाड़ी नाइजीरिया के मिडफील्डर पेन ओर्जी ने 61वें मिनट में किया।
दिल्ली की टीम ने स्टेडियम में आए लगभग 18,000 घरेलू दर्शकों के सामने आक्रामक शुरुआत की। पहले 10 मिनट में दिल्ली को दो पेनाल्टी कार्नर मिले लेकिन संदेश झिंगम ने इसका अच्छा बचाव किया।
केरला के पास 14वें मिनट में बढ़त लेने का अच्छा मौका था। इयान हुमे ने बहुत चतुराई से गेंद सबीथ को पास कर दी, लेकिन दिल्ली के विन रेमेकर्स उनसे गेंद छीनने में कामयाब रहे। 18वें मिनट में डेल पिएरो का शॉट शाइलो के पास पहुंचा, जिसे शाइलो ने हैंस मुल्डर को पास दिया लेकिन मुल्डर का शॉट चूक गया।
दो मिनट बाद ही शाइलो गोल करने का एक और मौका चूक गए। मैच के 56वें मिनट में केरला ने पहला बदलाव किया और पेन ओर्जी को मैदान पर बुलाया। 57वें मिनट में ओर्जी के बेहतरीन पास पर सबीथ ने शानदार शॉट लगाया लेकिन गेंद गोलपोस्ट से टकराकर बाहर चली गई।
इसके 5 मिनट बाद ही हुमे के पास पर ओर्जी ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाने में कोई गलती नहीं की। इस जीत से केरला अंक तालिका में छठे से तीसरे पायदान पर पहुंच गया।