फीफा विश्व कप 2026 में गोलों की भरमार देखने को मिल रही है, लेकिन बोस्निया और हर्जेगोविना के 18 वर्षीय युवा खिलाड़ी केरीम अलाजबेगोविच के एक गोल ने सोशल मीडिया पर अलग ही चर्चा छेड़ दी है। कतर के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले में उन्होंने बॉक्स के बाहर से ऐसा शानदार गोल दागा कि फुटबॉल प्रेमी इसे अब तक का 'गोल ऑफ द टूर्नामेंट' बताने लगे हैं। हालांकि, अभी विश्व कप का नॉकआउट चरण खेला जाना बाकी है। ऐसे में आधिकारिक तौर पर किसी गोल को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस इस गोल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
क्या यह है गोल ऑफ द टूर्नामेंट
- फोटो : twitter
दो डिफेंडरों को छकाया, फिर दाग दिया शानदार शॉट
सिएटल में खेले गए मुकाबले में बोस्निया और हर्जेगोविना ने कतर को 3-1 से हराया। मैच की शुरुआत में ही अलाजबेगोविच ने गेंद अपने कब्जे में ली, दो डिफेंडरों को शानदार अंदाज में छकाया और फिर बॉक्स के बाहर से एंगल लेकर जोरदार कर्व वाला शॉट लगाया। उनके शॉट में इतनी रफ्तार और सटीकता थी कि कतर के गोलकीपर महमूद अबुनादा के पास कोई मौका नहीं बचा। गेंद सीधे गोलपोस्ट के ऊपरी कोने में समा गई और स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।
फुटबॉल एक्सपर्ट्स और फैंस का मानना है कि यह गोल विश्व कप 2026 में अब तक किए गए सबसे खूबसूरत गोलों में से एक है। इसकी तुलना किलियन एमबाप्पे और लियोनल मेसी के लंबी दूरी से किए गए शानदार गोलों से भी की जा रही है।
अलाजबेगोविच का गोल
- फोटो : Twitter
कौन हैं केरीम अलाजबेगोविच?
महज 18 साल के केरीम अलाजबेगोविच को विश्व फुटबॉल का उभरता सितारा माना जा रहा है। जर्मनी में जन्मे अलाजबेगोविच ने एफसी कोलोन और बायर लेवरकुसेन की युवा अकादमियों में प्रशिक्षण लिया। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रिया के क्लब रेड बुल साल्जबर्ग के लिए 2025-26 सीजन में शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई। विश्व कप के पहले दो मुकाबलों में वह बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी मैदान पर उतरे थे, लेकिन कतर के खिलाफ पहली बार शुरुआती एकादश में जगह मिली और उन्होंने शानदार गोल कर अपने चयन को सही साबित कर दिया। इसके साथ ही वह बोस्निया और हर्जेगोविना के इतिहास में विश्व कप खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए।
अलागजबेगोविच
- फोटो : twitter
बोस्निया ने बनाई नॉकआउट में जगह
कतर पर 3-1 की जीत के साथ बोस्निया और हर्जेगोविना ने ग्रुप चरण का अंत चार अंकों के साथ किया। टीम ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही, लेकिन फीफा के नए प्रारूप के तहत आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होकर राउंड ऑफ 32 के लिए क्वालिफाई करने में सफल रही। इस मुकाबले में अलाजबेगोविच के शुरुआती गोल के अलावा कतर के गोलकीपर महमूद अबुनादा का आत्मघाती गोल भी बोस्निया के खाते में गया।
कतर के अनुभवी कप्तान हसन अल-हायदोस ने पहला हाफ समाप्त होने से पहले एक गोल कर मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगाई, लेकिन 80वें मिनट में एरमिन माहमिक ने लगातार दूसरे मैच में गोल दागकर बोस्निया की जीत पक्की कर दी। अब बोस्निया और हर्जेगोविना की नजर नॉकआउट चरण में अपने शानदार अभियान को आगे बढ़ाने पर होगी, जबकि अलाजबेगोविच का वायरल गोल लंबे समय तक इस विश्व कप की सबसे यादगार झलकियों में शामिल रह सकता है।