स्टार स्ट्राइकर नेमार को इस महीने अमेरिका में होने वाले दो मैत्री मैचों के लिए ब्राजील की फुटबॉल टीम में नहीं चुना गया है, जिससे उनके विश्व कप में खेलने को लेकर संदेह पैदा हो गया है। ब्राजील के पूर्व कप्तान 34 वर्षीय नेमार अक्टूबर 2023 में चोटिल होने के बाद से पूर्ण फिटनेस हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
ब्राजील 26 मार्च को बोस्टन में फ्रांस के खिलाफ और चार दिन बाद ऑरलैंडो में क्रोएशिया के खिलाफ मैत्री मैच खेलेगा। ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने सोमवार को कहा, ;यह एक ऐसी टीम है जिसमें उन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जो पूरी तरह से फिट हैं।' ब्राजीली लीग में सैंटोस और कोरिनथियंस के बीच 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में नेमार का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था।
नेमार ने साओ पाउलो में एक कार्यक्रम में मीडिया से कहा कि दो मैत्री मैचों के लिए ब्राजील की टीम में शामिल न होने से वह दुखी और निराश हैं, लेकिन उन्हें अभी उम्मीद है कि वह विश्व कप के लिए टीम में जगह बनाने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा, 'मेरा पूरा ध्यान हर अभ्यास सत्र और हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करने पर है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम अपना लक्ष्य हासिल करेंगे। अभी अंतिम टीम का चयन होना बाकी है।'
साल के अंत में लेंगे संन्यास?
नेमार का करियर चोटों की वजह से प्रभावित रहा है। चोट से परेशान नेमार फुटबॉल को अलविदा कहने की सोच रहे हैं। उन्होंने हाल ही में ब्राजील के एक डिजिटल चैनल पर फुटबॉल से संन्यास लेने की संभावना जताई थी। नेमार के इस बयान से फैंस को तगड़ा झटका लगा था। नेमार ने कहा था, 'मुझे नहीं पता कि अब से क्या होगा। मुझे अगले साल के बारे में भी नहीं पता। हो सकता है कि जब दिसंबर आए तो मैं फुटबॉल से संन्यास लेना चाहूं। मैं अब साल दर साल जी रहा हूं। यह विश्व कप का साल है। इसलिए बहुत जरूरी है। ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के साथ-साथ मेरे लिए भी।'