भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने लगातार पांचवीं बार सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीतकर एक और रिकॉर्ड बना दिया। भारत ने फाइनल में मेजबान नेपाल को 3-1 से पराजित किया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के इतिहास में कोई भी मैच नही हारने का अपना रिकॉर्ड 23 मैचों तक पहुंचा दिया।
भारत के लिए डालिमा छिब्बर (26वें मिनट) , ग्रेस डांगमेई (63वें मिनट) और स्थानांपन्न अंजू तमांग (78वें मिनट) ने गोल दागे। भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराया था। मैच के 26वें मिनट में भारत को फ्री किक मिली और 30 गज की दूरी से डालिमा ने शानदार गोल करते हुए टीम को बढ़त दिला दी।
इसके छह मिनट बाद रतनबाला देवी ने भारत की बढ़त दोगुनी करने की कोशिश की, लेकिन प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर ने उनके प्रयास को नाकाम कर दिया। नेपाल के लिए सबित्रा ने खेल के 34वें मिनट में हेडर से बराबरी का गोल दागा। दूसरे हाफ में ग्रेस ने 63वें मिनट में गोल कर भारत को फिर 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके 15 मिनट बाद अंजू (78वें मिनट) ने गेंद को गोल में अटकाकर भारत की जीत और ट्रॉफी सुनिश्चित कर दी।