गुरकीरत सिंह के दो गोल की मदद से भारत ने सैफ अंडर-18 चैंपियनशिप में श्रीलंका को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत के अंतिम लीग मैच में गुरकीरत के अलावा अमन छेत्री ने भी एक गोल किया। भारतीय टीम ने मैच में आक्रामक शुरुआत की लेकिन श्रीलंका के मजबूत डिफेंस ने लगातार उसके हमलों को नाकाम किया। मध्यांतर तक दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में बेहतर प्रदर्शन किया और 65वें मिनट में गुरकीरत ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। गुरकीरत और अमन ने इसके बाद एक-एक गोल दागकर भारत की 3-0 से जीत सुनिश्चित की और टीम को सेमीफाइनल में जगह दिलाई। भारत ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश से गोल रहित ड्रॉ खेला था।