भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान और स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री द्वारा किए गए गोल को एएफसी कप गोल ऑफ टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गोल के लिये नामित किया गया है। दरअसल, बेंगलुरू एफसी की एएफसी कप में मालदीव के माजिया स्पोर्ट्स एंड रिकरेशन क्लब के खिलाफ 1-0 से जीत में छेत्री ने गोल किया था।
गौरतलब है कि छेत्री ने 31 मई को खेले गए ग्रुप मैच में 57वें मिनट में माजिया की डिफेंडर को छकाकर गोल किया और अपनी टीम को अंतर क्षेत्रीय सेमीफाइनल में पहुंचाया। छेत्री के अलावा जिन तीन अन्य गोल को नामित किया गया है, उनमें मलेशिया के जोहोर दारूल ताजिम के खिलाड़ी नाजमी फैज का बियोंगकेट अंगकोर के खिलाफ विजयी गोल, इराकी टीम अल जावरा के स्ट्राइकर मोहनाद अब्दुलरहीम का अल जैश के खिलाफ किया गया गोल और फिलीपीन्स के क्लब कारेस नेग्रोस के मिडफील्डर इयान रामसे के टैम्पाइन रोवर्स के खिलाफ किया गया गोल शामिल हैं।
पढ़ेंः- AIFF ने मोहन बगान और ईस्ट बंगाल को एएफसी लाइसेंस देने से किया मना
बता दें कि एएफसी कप 2017 गोल आफ द टूर्नामेंट के विनर का फैसला एएफसी कप के आफिसियल फेसबुक पेज और ट्विटर अकाउंट पर आम जनता के वोट से होगा। सुनील छेत्री की अगुवाई में भारतीय फुटबॉल टीम ने मकाऊ को 4-1 से शिकस्त देकर चौथी बार एएफसी एशिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है।
यह टूर्नामेंट 2019 में यूएई में खेला जाएगा। भारत को राउलिन बोर्जेस ने 28वें मिनट में बढ़त दिलाई थी। जबकि स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने 60वें मिनट में दूसरा गोल दागा था। इस बीच मकाऊ के डिफेंडर ने 70वें मिनट में आत्मघाती गोल किया, जबकि जेजे लालपेखलुआ ने 92वें मिनट में चौथा गोल करके भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित की थी। मकाऊ के लिए एकमात्र गोल निकोलस टेराओ ने किया था।