इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में दिल्ली डायनामोज को एक और हार का सामना करना पड़ा। इस तरह 10 टीमों की तालिका में सबसे नीचे चल रही दिल्ली की टीम को सोमवार को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुंबई सिटी एफसी के हाथों 2-4 से हार मिली।
इस सीजन में मुंबई की यह पांचवीं जीत है। नौ मैचों से 17 अंक लेकर मुंबई की टीम तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। दिल्ली के चार अंक हैं और वह फिसड्डी है। दिल्ली की यह इस सीजन की छठी हार है।
इस सीजन में मुंबई के हाथों दिल्ली की यह दूसरी हार है। अक्टूबर में अपने घर में मुंबई ने दिल्ली को 2-0 से हराया था। बीते नौ मैचों में जीत से महरूम दिल्ली ने तीसरे मिनट में मुंबई के शौवीक चक्रवर्ती के किए गए आत्मघाती गोल की मदद से बढ़त हासिल कर ली।
इस गोल में एड्रिया कोर्मोना, मार्कोस तेबार और लालियानजुआला चांग्ते की अहम भूमिका रही। चक्रवर्ती ने गोल बचाने के प्रयास में अपने ही पोस्ट में गेंद डाल दी। दिल्ली की टीम ने छठे, 17वें और 20वें मिनट में भी अच्छे मूव बनाए, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।
12वें मिनट में मुंबई के एर्नाल्ड इसोको को यलो कार्ड मिला। जवाब में मुंबई के लिए 23वें मिनट में रफाएल बास्तोस ने अच्छा प्रयास किया, लेकिन दिल्ली के गोलकीपर अल्बीनो गोम्स ने उसे बेकार कर दिया। 29वें मिनट में दिल्ली के लिए चांग्ते और कार्मोना ने एक और मूव बनाया लेकिन कोर्मोना गेंद को सही दिशा नहीं दे सके। इस तरह दिल्ली को घर में सीजन की चौथी हार से रूबरू होना पड़ा।