भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने सीएएफए नेशंस कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास में पहली बार ओमान को शिकस्त दी। भारत और ओमान के बीच नियमित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा था जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट के जरिये नतीजा निकला। भारतीय टीम ने पेनल्टी शूटआउट में ओमान को 3-2 से हराया और इस टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रही।
भारत के लिए ऐतिहासिक रही जीत
भारतीय फुटबॉल टीम के लिए यह जीत यादगार और ऐतिहासिक है क्योंकि इससे पहले उसने कभी भी पश्चिम एशिया के अपने प्रतिद्वंद्वी को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच में नहीं हराया था। हालांकि, टीम ने इस तिलिस्म को भी तोड़ा और ओमान पर जीत दर्ज की। भारत को उदांता सिंह ने बराबरी दिलाई, जबकि इससे पहले यहमादी ने ओमान की ओर से गोल किया था।
पिछले 25 साल में ओमान के खिलाफ गंवाए थे छह मैच
पेनल्टी शूटआउट में बेहतर रैंकिंग वाली टीम ओमान ने अपने शुरुआती दो मौके गंवा दिए, जबकि गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने अंतिम पेनल्टी को रोककर तीसरे-चौथे स्थान के क्लासीफिकेशन मुकाबले में भारत की जीत सुनिश्चित की। पेनल्टी शूटआउट में भारत की ओर से लालियनजुआला छांगटे, राहुल भेके और जितिन एमएस ने गोल दागे, जबकि अनवर अली और उदांता सिंह गोल करने में नाकाम रहे। दोनों टीम अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहीं थी जिससे उन्हें तीसरे स्थान के मुकाबले में खेलने का मौका मिला। भारत ने वर्ष 2000 से ओमान के खिलाफ नौ मैच में से छह गंवाए हैं। दोनों टीम के बीच पिछला मुकाबला मार्च 2021 में खेला गया था जो 1-1 से ड्रॉ रहा था।